मनासा (नीमच)। मनासा नगर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किए जाने के मामले ने राजनीतिक माहौल गरमा दिया है। घटना के बाद भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में नाराजगी देखने को मिल रही है। भाजपा के कुशाभाऊ ठाकरे मंडल के सोशल मीडिया प्रभारी दिनेश राठौर ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए स्थानीय पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। दिनेश राठौर ने जारी बयान में कहा कि देश के प्रधानमंत्री के खिलाफ इस प्रकार का कृत्य अत्यंत निंदनीय,शर्मनाक और लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में प्रशासन को तत्काल और निष्पक्ष कार्रवाई करनी चाहिए,ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। राठौर ने आरोप लगाया कि नगर में इस तरह की घटना होने के बावजूद स्थानीय पुलिस प्रशासन की ओर से अपेक्षित सक्रियता दिखाई नहीं दी। उन्होंने कहा कि पुलिस की कथित चुप्पी और अनदेखी से भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में आक्रोश है। उन्होंने दोषियों के विरुद्ध शीघ्र कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है। घटना को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं।