भरवाया डीजल मिला पानी ! सीएम मोहन यादव के काफिले की 19 गाड़ियों में भरा मिलावट वाला ईंधन, रतलाम में पेट्रोल पंप सील

रतलाम । मध्य प्रदेश के सीएम डॉ मोहन यादव के काफिले में बड़ी सुरक्षा चुक का मामला सामने आया है। सीएम रीजनल इंडस्ट्री, स्किल एंड एम्प्लायमेंट कॉन्क्लेव (राइज) में शामिल होने के लिए जा रहे थे। इस बीच उनके काफिले की 19 कारें अचानक एक के बाद एक बंद हो गईं। जांच में सामने आया कि गाड़ियों में डीजल के साथ पानी भरा हुआ था। प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित पेट्रोल पंप को सील कर दिया। गुरुवार रात करीब 10 बजे सीएम काफिले की 19 कारें रतलाम शहरी सीमा के डोसीगांव स्थित भारत पेट्रोलियम के शक्ति फ्यूल्स पेट्रोल पंप पर डीजल भरवाने पहुंची थीं। डीजल भरवाने के कुछ ही समय बाद सभी गाड़ियां कुछ दूरी पर जाकर बंद हो गईं। उन्हें धक्का लगाकर सड़क किनारे खड़ा करना पड़ा। सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार आशीष उपाध्याय, खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी आनंद गोरे सहित प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। जांच में पता चला कि जिन गाड़ियों में 20 लीटर डीजल डलवाया गया था, उनमें से लगभग 10 लीटर पानी निकला। यह स्थिति लगभग सभी वाहनों में पाई गई। एक ट्रक चालक ने भी 200 लीटर डीजल भरवाया था, जो थोड़ी दूरी पर ही बंद हो गया।

पेट्रोल टैंक में रिसाव होने की आशंका

नायब तहसीलदार आशीष उपाध्याय ने बताया कि बारिश के कारण पेट्रोल टैंक में पानी का रिसाव होने की आशंका है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने पेट्रोल पंप को सील कर दिया है। रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को भेजी जा रही है। कॉन्क्लेव में सीएम डॉ. मोहन यादव सहित कई वीआईपी शामिल होने वाले हैं। जिला प्रशासन पूरी मुस्तैदी से तैयारियों में जुटा हुआ है। पुलिस द्वारा गुरुवार को ही सीएम कारकेट का ट्रायल भी किया गया था।