भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय ने पुलिस विभाग में लंबे समय से लंबित पदोन्नति प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए 2035 सहायक उप निरीक्षकों (एएसआई) एवं कार्यवाहक एएसआई को उप निरीक्षक (एसआई) पद पर पदोन्नत करने के आदेश जारी किए हैं। यह कार्रवाई मध्यप्रदेश लोक सेवा पदोन्नति नियम-2025 के तहत की गई है।  जारी आदेश के अनुसार, पात्र अधिकारियों को उप निरीक्षक के रिक्त पदों पर आगामी आदेश तक स्थानापन्न (अस्थायी) रूप से पदस्थ किया गया है। पदोन्नत अधिकारियों को कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से पे-मैट्रिक्स लेवल-9 (वेतनमान ₹9300–34800 + ₹3600 ग्रेड पे) का लाभ मिलेगा तथा उन्हें वर्तमान पदस्थापना वाले जिलों में ही यथावत रखा गया है।  पदोन्नति सूची में नीमच सहित प्रदेश के कई जिलों के अधिकारी शामिल हैं। आदेश जारी होने के बाद पुलिस विभाग में खुशी का माहौल है। हालांकि, पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि यह पदोन्नतियां सर्वोच्च न्यायालय में लंबित प्रकरणों के अंतिम निर्णय के अधीन रहेंगी तथा जिन अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय जांच या अन्य वैधानिक बाधाएं होंगी, उनके मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।