पहली बारिश में ही बहने लगा मेनाल का प्रसिद्ध झरना
24 Jun 2025
NEEMUCH NEWS
नीमच। एक लम्बे इंतजार के बाद आखिरकार सिंगोली अँचल में भी इन्द्रदेव की मेहरबानी बादलों के रूप में बरसने लगी जिससे लोगों ने राहत की साँस ली है वहीं बारिश के कारण मेवाड-ऊपरमाल के संगम पर स्थित मेनाल का सुप्रसिद्ध प्राकृतिक झरना भी बरसात के आगमन के साथ ही बहने लगा है जिसके चलते 22 जून रविवार को बडी संख्या में सैलानियों का जमावडा भी लग गया था। उल्लेखनीय है कि सभी लोगों को बरसात का बेसब्री से इंतजार था और मानसून की पहली बरसात की शुरूआत अच्छी रही जिससे प्रसन्नता का माहौल है। रविवार को कभी तेज तो कभी रुक रुक कर बारिश शुरू हुई जो समाचार लिखे जाने तक भी जारी रही। नीमच-सिंगोली सडक मार्ग पर स्थित ताल की नदी में भरपूर पानी की आवक होती रही। क्षेत्र में अब भी लोगों को लगातार झमाझम बारिश का इंतजार है ताकि क्षेत्र के नदी नाले एवं प्राकृतिक जलस्रोत पानी से लबालब हो सके जिससे जल संकट जैसी स्थिति से सबको मुक्ति मिल जाए हॉलांकि शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात के अलावा रविवार शाम को हुई तेज बारिश से आसपास के छोटे नालों में आए ऊफान के चलते सिंगोली कस्बे की ब्राह्मणी नदी में भी पानी की आवक शुरू हो गई है। कुल मिलाकर पिछले दो तीन दिन से सिंगोली अँचल में गर्मी और उमस के बाद हुई बारिश किसानों सहित आम लोगों को राहत पहुँचाती महसूस हो रही है।