जावद नगर में मुंदड़ा धर्मशाला परामर्श प्राइवेट ट्रस्ट के सार्वजनिक धर्मशाला की जमीन पर अवैध निर्माण का मामला सामने आया है। ट्रस्ट को सार्वजनिक आयोजनों और धर्मशाला के लिए आवंटित जमीन पर बिना अनुमति दुकानें और कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जा रहा है। शिकायतकर्ता गोपालकृष्ण राठी ने 15 अप्रैल को नगर परिषद में शिकायत दर्ज कराई थी। नगर परिषद ने 25 अप्रैल को नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब मांगा। नोटिस की समय सीमा बीतने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं होने पर राठी ने शनिवार को एसडीएम से शिकायत की। नगर परिषद अध्यक्ष सोहन माली ने बताया कि निर्माणकर्ता का दावा है कि यह ट्रस्ट की जमीन है। उनसे दस्तावेज मांगे गए हैं और जांच प्रक्रिया जारी है। आवंटन प्रक्रिया की जांच हो रही,एसडीएम प्रीति संघवी के अनुसार आवंटन प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में बिना अनुमति निर्माण की पुष्टि हुई है। नियम विरुद्ध पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। नपा के नोटिस देने की बात भी सामने आई है।