नीमच पुलिस ने ईदगाह कॉलोनी के पीछे स्थित खेत में चल रहे जुए के अड्डे पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 11 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 69,350 रुपये, 52 ताश के पत्ते और 10 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को सट्टा, जुआ और आईपीएल क्रिकेट सट्टे पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसी के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया और नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक रंजन के मार्गदर्शन में टीम ने यह कार्रवाई की। एसपी अंकित जायसवाल ने कंट्रोल रूम में प्रेस वार्ता में कहा कि 19-20 मार्च की मध्यरात्रि को मुखबिर से सूचना मिली कि ईदगाह कॉलोनी के पीछे खेत में 14-15 लोग जुआ खेल रहे हैं। साइबर सेल और नीमच कैंट थाने की संयुक्त टीम ने छापा मारा। पुलिस ने नवीन कलाल, महेश लोहार, अरविंद चौधरी, मोनू माली, कय्यूम, प्रहलाद राठौर, कृष्णगोपाल मोची, आबिद हुसैन, सलीम पठान, राहुल मोची और केशव शर्मा को गिरफ्तार किया। पुलिस ने थाना नीमच कैंट में धारा 13 जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।