होली मना रहे पुलिसकर्मियों ने पेश की मानवता की मिसाल, घायल बंदर को बचाया।
नीमच। होली के पावन अवसर पर, जब लोग रंगों के त्योहार में डूबे हुए थे, तब नीमच पुलिस उनकी सुरक्षा में तैनात रही। एक दिन बाद जब नीमच पुलिस होली मना रही है। इसी दौरान पुलिस कंट्रोल रूम पर पुलिसकर्मियों ने मानवता की एक अनूठी मिसाल पेश की। सुबह 10 बजे के करीब, एक बंदर बिजली के तारों से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गया और नीचे गिर पड़ा। घायल बंदर कुत्तों के झुंड का शिकार बनने ही वाला था कि पुलिसकर्मियों ने न केवल कुत्तों को भगाया बल्कि घायल बंदर की मदद के लिए तुरंत कदम उठाए। उन्होंने तत्काल गौ सेवा दल के सदस्य मितेश अहीर को सूचित किया, जिन्होंने वन विभाग को इसकी जानकारी दी। मितेश अहीर तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिसकर्मियों की मदद से घायल बंदर को पुलिस वाहन में पशु चिकित्सालय ले गए।पशु चिकित्सक आत्माराम धाकड़ ने बंदर का इलाज शुरू किया। करंट लगने से बंदर का हाथ और पेट बुरी तरह झुलस गए थे। वन विभाग के रमेश जी प्रजापति भी अपनी टीम के साथ अस्पताल पहुंचे, जिसके बाद घायल बंदर को वन विभाग को सौंप दिया गया। इस सराहनीय कार्य में हेड कांस्टेबल सत्यनारायण माली, हेड कांस्टेबल भेरू सिंह, कांस्टेबल कृष्ण गोपाल, कांस्टेबल सुनील माली, चालक नेपाल सिंह और कांस्टेबल धीरज कटारा व गौ सेवक मितेश अहीर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।