कुकड़ेश्वर में भव्य महाशिवरात्रि मेले की धूम, श्रद्धा और उल्लास का संगम
25 Feb 2025
NEEMUCH NEWS
कुकड़ेश्वर। भगवान श्री सहस्त्र मुकेश्वर महादेव की पावन नगरी कुकड़ेश्वर में 26 फरवरी 2025 से 7 मार्च 2025 तक महाशिवरात्रि महोत्सव की भव्य धूम मचने वाली है। यह ऐतिहासिक मेला श्रद्धा, भक्ति और व्यापारिक गतिविधियों का अद्भुत संगम बनेगा। हर वर्ष की तरह इस बार भी मेले में झूले, चकरी और बच्चों के लिए मनोरंजन के अनगिनत आकर्षण उपलब्ध होंगे। श्रद्धालु भक्तगण महादेव के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे और साथ ही मेले की शानदार रौनक का आनंद उठाएंगे।
व्यापारिक एवं सांस्कृतिक रंग में रंगेगा मेला
मेले को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए मनिहारी, बर्तन, मिठाई, होटल एवं विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठान अपनी सजी-धजी दुकानों के साथ तैयार हैं। नगर परिषद कुकड़ेश्वर के तत्वाधान में आयोजित यह मेला धार्मिक आस्था और संस्कृति का जीवंत प्रतीक बनेगा।
श्रद्धालुओं का उमड़ेगा जनसैलाब,हर साल की तरह इस बार भी लाखों श्रद्धालु भगवान शिव के दरबार में हाजिरी लगाएंगे। पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और आध्यात्मिक अनुष्ठानों से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय रहेगा।कुकड़ेश्वर महाशिवरात्रि मेला—आस्था, भक्ति और आनंद का दिव्य संगम!