नीमच। बुधवार को ग्राम पंचायत अडमालिया के गांव दसिया के ग्रामवासियों ने बड़ी संख्या में नारेबाजी करते हुए कलेक्टर कार्यालय पंहुचे। जहां उन्होंने कलेक्टर के नाम एक ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में स्थित गोचर शासकीय भूमि पर गांव के ही कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा है। अवैध अतिक्रमण के कारण ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उक्त भूमि को लेकर तहसील न्यायालय ने बेदखली का आदेश भी जारी किया था। हालांकि इसके बावजूद वहां से अतिक्रमण नहीं हटा। ग्रामीण इस संबंध में पहले भी कलेक्ट्रेट में आकर शिकायत दर्ज करवा चुके हैं। लेकिन उचित कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश पनप रहा है। इसी के चलते आज सभी ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे। जहां संयुक्त कलेक्टर प्रीति संघवी को एक ज्ञापन दिया गया। जिसके बाद ग्रामीणों ने कलेक्टर कार्यालय के गेट के बाहर करीब 1 घंटे तक धरना दिया। वहीं, एसडीम ममता खेड़े भी मौके पर पहुंची और ग्रामीण को उनकी मांग का जल्द निराकरण करने आश्वासन दिया। ग्रामीणों का कहना है कि उनके मवेशियों को चराने के लिए जगह नहीं बची है और अतिक्रमण के चलते शासकीय भूमि पर कुछ लोगों ने कब्जा जमा लिया है।