लव मैरिज की तो तालिबानी सजा दी, मंदसौर जिले के वायडीनगर थाना क्षेत्र में हुई सनसनीखेज घटना, युवक और उसके परिजनों को बेहरमी से पीटा और आरोपियों ने किया वीडियो वायरल, मोबाइल लूटा और फिर कर दी मारपीट शुरू, घंटो तक करते रहे मारपीट, पुलिस ने घटना के मुताबिक गंभीर धाराएं नहीं लगाई,वीडिया वायरल होने के बाद एक्शन में आई पुलिस, धरपकड शुरू *मंदसौर। मंदसौर जिले के वायडीनगर थाना क्षेत्र में भाग कर शादी करने वाले युवक को तालिबानी सजा दिए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। नीमच जिले के बरूखेडा निवासी राहुल माली ने बघाना थाना क्षेत्र के ग्राम लखमी निवासी पूजा माली पिता रामप्रसाद माली से 25 जून को आर्य समाज में लव मैरिज की थी और दूसरे दिन 27 जून को शादी करने वाले राहुल माली और पूजा माली दोनों बघाना थाने में पेश हुए। युवति बालिग होने के कारण बयान के आधार पर युवति को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इस बीच युवति के परिजनों और रिश्तेदारों ने भाग कर शादी करने वाले युवक राहुल माली और उसके परिजनों को तालिबानी सजा दिए जाने की योजना बनाई और योजना के मुताबिक युवति के मामा सुनील शर्मा निवासी गुल्याखेडी जिला मंदसौर ने शादी करने वाले राहुल माली के पिता सुरेश माली को मोबाइल कॉल किया और बोला कि लडकी लडके के बिना नहीं रह सकती, इसलिए हमने फैसला लिया है कि गांव के पास एक हनुमानजी का मंदिर है, छोटा सा कार्यक्रम कर इन्हें माला पहनाकर दोनों की राजी खुशी शादी करवाकर लडकी को रवानास कर देते है। युवति के मामा की बातों में बरूखेडा निवासी लडके के परिजन आ गए और दिनांक 30 जून 2024 को बरूखेडा के सरपंच मांगीलाल माली, अशोक माली, लडके का पिता सुरेश माली, जयचंद माली और पप्पू शर्मा फोर व्हीलर से गुल्याखेडी गांव के पास पहुंचे, यहां से सभी को जंगल ले गए। यहां पर माजरा देखकर लडके की तरफ से जाने वाले बरूखेडा के लोग हक्के बक्के रह गए, किसी के पास में बंदूक थी तो किसी के हाथ में तलवार। सबसे पहले सभी के मोबाइल छिन लिए और पिटाई शुरू कर दी। लडके के चाचा जयचंद के मुताबिक करीब 100 लोग जंगल में मौजूद थे, जो इन्हें पिटने का पहले से इंतजार कर रहे थे, घंटो तक पिटाई करते रहे और शादी करने वाले युवक राहुल माली को बुलाने की बात पर अडे रहे, पिता सुरेश माली को मोबाइल दिया और बोला कि तू तेरे लडके को यहां पर बुला। इस बीच सभी को मारते पीटते रहे। राहुल माली और उसके दोस्त को लेकर गुल्याखेडी के पास जंगल में पहुुंचा तो उसे बांधकर बुरी तरह से शुरू कर दी। सभी लोग राहुल माली पर टूट पडे और हाथ पैर बांधकर बुरी तरह से घंटो तक पीटा। पिटते हुए का वीडियो भी बनाया। रात करीब 10 बजे किसी ने पुलिस को फोन लगा दिया, पुलिस को देख सभी तितर—बितर हो गए। तालिबानी स्टाईल से पिटाई करने वालों ने लडके और उसके परिजनों को धमकाया कि अगर पुलिस को कुछ भी बताओगे तो जान से खत्म कर देंगे। डर के मारे सभी पीटकर गांव आ गए और इस बीच सोशल मीडिया पर तालिबानी स्टाईल से सजा दिए जाने का वीडियो वायरल हुआ तो सभी हरकत में आ गए। जिला अस्पताल में भर्ती राहुल माली के आज पुलिस ने बयान दर्ज किए है वहीं आरोपियों की धरपकड शुरू कर दी है।* *गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज नहीं किए जाने को लेकर आरोपी पक्ष की और से तोडतोड शुरू— सूत्र बताते है कि राजनीति में भी गुल्याखेडी और लखमी गांव के कुछ लोग प्रभाव रखते है और कुछेक पुलिसकर्मी भी इनके रिश्तेदार बताए जाते है। मोबाइल छिनने सहित कई गंभीर धाराएं न लगे, इसलिए प्रयास शुरू कर दिए है, इधर पुलिस भी जांच में जुटी हुई है। वहीं लडकी से शादी करने वाले राहुल माली के अलावा अन्य 7 व्यक्तियों के साथ भी मारपीट हुई, इनके भी मोबाइल छिने गए और घंटो तक मारपीट हुई। पुलिस ने इनके बयान अभी तक दर्ज नहीं किए है और न ही मोबाइल छिनने सहित कई गंभीर धाराओं का जिक्र अभी तक किया है। तालिबानी स्टाईल से हुई मारपीट का शिकार हुए व्यक्तियों के मुताबिक करीब 100 लोग इस घटना में शामिल थे, जिन्होंने बारी—बारी से पिटाई की। जबकि पुलिस ने आठ—दस लोगों के खिलाफ ही एफआईआर दर्ज की है।