लोकसभा चुनाव का शंखनाद, भाजपा के प्रत्याशी सुधीर गुप्ता ने बिछाना शुरू की अपनी बिसात, इस बड़ी बैठक में हुए शामिल
14 Mar 2024
NEEMUCH NEWS
नीमच। लोकसभा चुनाव का शंखनाद हो चुका है। जावरा, मंदसौर, नीमच लोकसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी सुधीर गुप्ता ने अपनी बिसात बिछाना शुरू कर दी है। उनके द्वारा लगातार संपर्क अभियान बैठकों के माध्यम से शुरू कर दिया गया है। इसी के तहत आज उन्होंने वधवा नर्सिंग होम के परिसर में आयोजित चिकित्सा प्रकोष्ठ की बैठक में हिस्सा लिया। इस बैठक में चिकित्सा प्रकोष्ठ के सदस्यों के साथ-साथ गांव में कार्य कर रहे आरएमपी, स्वास्थ्य रक्षक और नर्सिंग के छात्र शामिल हुए। करीब 200 लोगों की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए सुधीर गुप्ता ने नरेंद्र मोदी सरकार की उपलब्धियों और अपने संसदीय क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों पर चर्चा की। अपने कार्यकाल में नीमच की उपेक्षा करने की धारणा को भी उन्होंने सिरे से खारिज कर दिया,और यहां किए गए कार्यों का जिक्र किया। बैठक में उपस्थित लोगों से वन टू वन चर्चा कर उनकी बातों को भी गौर से सुना। बैठक में विधायक दिलीप सिंह परिहार, भाजपा के जिला अध्यक्ष पवन पाटीदार, महेंद्र भटनागर,डॉक्टर स्वप्निल वधवा आदि उपस्थित रहे।