गणेशोत्सव 19 से : पंडालों के साथ घर-घर विराजेंगे गजानन, शहर में पश्चिम बंगाल, महू-इंदौर से आए कलाकार बना रहे मिट्टी की मूर्तियांं
11 Sep 2023
NEEMUCH NEWS
नीमच । गणेशोत्सव इस साल विशेष उत्साह के साथ मनाया जाएगा। शहर में अधिकांश जगह मूर्तियों को अंतिम रूप देने का काम तेजी से जारी है। शहर में इस साल कोलकत्ता, महू-इंदौर सहित स्थानीय मूर्तिकारों द्वारा 15 हजार से ज्यादा विभिन्न स्वरूप में छोटी-बड़ी मूर्तियों का निर्माण किया जा रहा है। मूर्ति निर्माण का 70 फीसदी काम पूर्ण हो चुका है। अब मूर्तियों पर कलर व श्रृंगार का काम किया जा रहा है।शहर में ग्वालटोली, नीमच सिटी, कनावटी, महू रोड, मनासा रोड और आस-पास से लगे क्षेत्रों में इस साल 80 से ज्यादा परिवार गणेश मूर्तियां बनाने के काम में लगे हैं। पिछले साल तो 40-45 परिवार ही इस कार्य में लगे थे। दूसरी तरफ कुछ परिवार दिल्ली, इंदौर, उज्जैन, मंदसौर जैसे शहरों से तैयार मूर्तियां ऑर्डर पर मंगवाते हैं। दूसरी तरफ शहर में पश्चिम बंगाल, मुंबई व महू-इंदौर व राजस्थान से भी मूर्तिकार नीमच में आकर मूर्तियों को आकार दे रहे हैं। शहर से गांवों के साथ मंदसौर, चित्तौड़गढ़ सहित अन्य जिलों तक मूर्तियां जाती है।परंपरानुसार ये घास-फूस, कागज व मिट्टी आदि से मूर्तियों का निर्माण करते हैं। कोरोना संक्रमण काल के बाद से लगातार मूर्ति का बाजार तेजी पकड़ता जा रहा है। शहर के प्रमुख मूर्तिकारों की माने तो इस साल ऑर्डर ज्यादा हैं। पिछले साल जहां 12 से 13 हजार मूर्तियों का निर्माण किया था, इस साल 15 हजार से ज्यादा मूर्तियां तैयार की जा रही है। इसमें 6 इंच से लेकर 25 फीट तक की मूर्तियां शहर में बन रही है। मूर्ति में रंग भरता कलाकार। महू रोड पर मिट्टी से बनीं विभिन्न मुद्राओं वाली गणेश जी की मूर्तियां।