नीमच । मनासा तहसील के रामपुरा थाना क्षेत्र के गांव जन्नौद में एक 55 वर्षीय व्यक्ति की पीट पीटकर हत्या कर दी गई । जो वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा हैं।  जन्नोद गांव का रहने वाला बलराम अहिरवार अपने घर के पास दर्जी की दुकान पर बैठकर साथियों से मजाक कर रहा था। इस दौरान सत्यनारायण माली को लगा कि बलराम उस पर कमेंट कर मजाक बना रहा है। इस पर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट की नौबत आ गई। बलराम ने अपने पिता मन्नालाल को बुला लिया। सत्यनारायण की मन्नालाल से भी कहा-सुनी हो गई। आरोपियों ने मन्नालाल पर लाठियों से ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल मन्नालाल को रामपुरा शासकीय चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। विवाद और मारपीट से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आए हैं। वीडियो में कुछ महिलाएं और व्यक्ति लाठी-डंडों से मन्नालाल पर वार करते दिख रहे हैं। फिर कुछ लोगों के समझाने पर दोनों पक्ष अलग हो जाते हैं। इस वीडियो में मन्नालाल सफेद कपड़ों में खड़े हुए दिखाई दे रहे हैं। घटना से आक्रोशित परिजन ने शव के अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया। उन्होंने नीमच-झालावाड़ मार्ग पर शव रखकर चक्काजाम किया। परिजन की मांग है कि आरोपियों के मकानों पर बुलडोजर चलाया जाए। उन्होंने आर्थिक सहायता की भी मांग की। जानकारी मिलते ही पुलिस स्टाफ मौके पर पहुंचा। ग्रामीणों को समझाइश दी गई। रामपुरा थाना प्रभारी आनंद सिंह आजाद ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की कार्रवाई भी की जा रही है। परिवार की जायज मांगों को अधिकारियों तक पहुंचाकर पूरा किया जाएगा। मनासा डीएसपी वैशाली सिंह ने बताया कि इस मामले में आईपीसी की धारा 302, 323, 506, 294 के साथ एट्रोसिटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने श्याम लाल, मंगल पिता श्याम लाल, जितेंद्र उर्फ श्याम लाल अहिरवार, भावना पिता श्यामलाल अहिरवार, माना बाई पति श्यामलाल अहिरवार और सत्यनारायण माली को आरोपी बनाया है।