नीमच। जिला प्रशासन द्वारा 12 अगस्त को जिले में 32 स्थानों पर रक्तदान अभियान चलाया जाएगा। इसमें 5100 लोगों से रक्तदान कराने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए गुरुवार को फोरजीरो चौराहा पर एडीएम नेहा मीणा ने हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान कई अधिकारियों व आम लोगों ने हस्ताक्षर कर अभियान में भागीदारी का संकल्प लिया। इसके बाद डिप्टी कलेक्टर किरण आंजना ने अंचल के चीताखेड़ा में ग्रामीणों की बैठक ली।
चीताखेड़ा में आयोजित बैठक में डिप्टी कलेक्टर किरण आंजना ने लोगों से कहा कि 12 अगस्त को हम सभी को मिलकर जन आंदोलन के रूप में रक्तदान करना है। जिस प्रकार हम शादी-ब्याह और त्योहारों को मनाने के लिए उत्साह से कार्य करते हैं। उसी तरह पूरे उत्साह के साथ रक्तदान करना है। अधिक से अधिक युवाओं को रक्तदान के लिए प्रेरित भी करना है। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है। हर युवा को मानव सेवार्थ के लिए आगे आने की जरूरत है। 12 अगस्त को चीताखेड़ा में जैन धर्मशाला पर रतलाम की टीम के मार्गदर्शन में सुबह 9 शिविर प्रारंभ होगा। बैठक में तहसीलदार मनीष पांडे भी उपस्थित रहे। एडीएम नेहा मीणा ने हस्ताक्षर कर अभियान की शुरुआत की।