पटवारी व तहसीलदार की लेटलतीफी व गोलमोल जवाबों की शिकायत कमीश्नर के पास पहुंची
01 Jul 2023
NEEMUCH NEWS
(मुकेश चौहान)
पिपलियामंडी। नीमच सिटी पुलिस ने पत्रकार राकेश मालवीय को धमकाने वाले किराए के गुंडों के खिलाफ शनिवार को प्रकरण दर्ज कर लिया है।
सर्वविदित है कि लंबे समय से पिपलियामंडी नगर सहित आसपास क्षेत्र में पटवारी व तहसीलदार की मिलीभगत से भू माफिया लगातार सरकारी जमीन पर कब्जा कर रहे है। शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं की जा रही। उल्टा पटवारी व तहसीलदार मामले को दबाने में लगे है। पिपलिया मंडी क्षेत्र के भूमाफिया कृष्णपाल सिंह ने विगत कुछ वर्षों में कई अवैध कॉलोनियों का निर्माण किया है। साथ ही कई सरकारी जमीनों पर कृष्णपाल ने अवैध तरीके से कब्जा कर लिया है। जिसकी खबर पत्रकार राकेश मालवीय द्वारा प्रकाशित की जा रही थी। इसके अलावा कृष्णपाल की अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई के लिए सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत भी की थी। जिससे विचलित भूमाफिया कृष्णपाल व पटवारी ने षड्यंत्र रचकर भाड़े के एक गुंडे को 19 जून को पिपलिया से नीमच पत्रकार राकेश मालवीय को धमकाने भेजा। 19 जून शाम करीब 4 बजे शराब तस्कर तथा आदतन अपराधी राजेंद्रसिंह पिता देवीसिंह नीमच पहुंचा और उसने गुप्ता अस्पताल के पास नाकोड़ा मेडिकल स्टोर पर पत्रकार राकेश मालवीय को सीएम हेल्प की शिकायत बंद करने की कहते हुए गाली-गलौज व धमकाना शुरु कर दिया। शिकायत बंद नहीं करने पर जान से मारने की धमकी दी। जिसके बाद राकेश मालवीय ने सिटी थाने तथा पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर इसकी शिकायत की।पूरे घटनाक्रम की जानकारी राकेश मालवीय द्वारा जिला प्रेस क्लब को दी गई। जिसके बाद प्रेसक्लब अध्यक्ष राहुल जैन सहित एक प्रतिनिधिमंडल अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एसएस कनेश से मिला और श्री कनेश से पत्रकार को धमकाने व गाली-गलौज पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की बात कही। श्री कनेश ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत ही नीमच सिटी थाना प्रभारी करणीसिंह शक्तावत को जांच उपरांत कार्रवाई के निर्देश दिए। थाना प्रभारी करणीसिंह शक्तावत ने पत्रकार को धमकाने के मामले को गंभीरता से लिया तथा एएसआई रामविलास सोलंकी को जांच के निर्देश दिए। जिसके बाद शनिवार को सिटी थाने पर पिपलियामंडी निवासी राजेंद्रसिंह पिता देवीसिंह के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है।
पत्रकार से माफी मांगी-
प्रकरण दर्ज होने से पूर्व आरोपी राजेंद्रसिंह ने नीमच सिटी थाने पर कान पकड़कर माफी मांगी। बयान दर्ज कराने थाने पहुंचे राजेंद्रसिंह ने पत्रकार राकेश मालवीय के सामने कान पकड़कर माफी मांगते हुए कहा कि गलती हो गई। मेरी मति मारी गई थी जो मैंने आपको धमकाया।
अब कृष्णपाल व पटवारी सहित तहसीलदार की होगी जांच-
सरकारी जमीन पर कब्जे तथा अवैध कॉलोनियों की शिकायतों पर पटवारी व तहीलदार सहित कृष्णपाल ने शासन को गुमराह कर झूठे तथ्य प्रस्तुत किए। जिसकी शिकायत उज्जैन कमीश्नर को की गई है। अब कृष्णपालसिंह, क्षेत्रीय पटवारी सहित पिपलियामंडी तहसीलदार की शिकायतों के निपटारे पर दिए गए तथ्यों की जांच होगी।