थाने के सामने उड़ाए 500-500 के नोट:महिला बोली- बेटा पीटता है, पुलिस कार्रवाई नहीं करती; पैसा मांगती है, इसलिए फेंके नोट
16 Jun 2023
NEEMUCH NEWS
नीमच में एक महिला ने थाने के सामने जमकर हंगामा किया। उसने थाने के सामने 500-500 रुपए के नोट उड़ाए और पुलिस पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। महिला के हंगामे के चलते वहां भीड़ जमा हो गई। साथ ही ट्रैफिक जाम के हालात भी बन गए। मामला शहर के कैंट थाने का है। जहां गुरुवार रात शांति बाई नाम की महिला थाने पहुंची थी। महिला ने बताया कि बेटा उसके साथ मारपीट करता है। थाने में उसके खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराई, लेकिन पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। वह कार्रवाई की मांग करती है, तो पुलिस पैसा मांगती है। इसलिए वह अपने साथ 500-500 रुपए के नोटों की गड्डी लाई और उसने थाने के सामने नोट बिखेर दिए। जानकारी के मुताबिक महिला ने करीब 25 हजार रुपए के नोट सड़क पर बिखेर दिए। ये महिला महिला स्कूटी लेकर थाने आई थी, उसके पास डंडा भी था। महिला ने पुलिस पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए और राज्य सरकार को भी खरी-खोटी सुनाई। उसने लाड़ली बहना योजना पर भी सवाल उठाए। कहा कि मुझे एक हजार रुपए की जरूरत नहीं है।