जीरन। अम्बे माता गरबा उत्सव समिति द्वारा स्थानीय इंदिरा आवास कॉलोनी (गांधी नगर) में आयोजित गरबा महोत्सव पूरे वैभव और उमंग के साथ मनाया जा रहा है। महोत्सव के चौथे दिवस बुधवार रात्रि को गरबा पंडाल में आस्था और संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला, जहां मां जगदम्बा की भक्ति के साथ-साथ देशभक्ति का ज्वार भी उमड़ पड़ा।
गरबा महोत्सव के दौरान आयोजित मां अम्बे की महाआरती में मुख्य रूप से भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष मधुसूदन राजोरा, पार्षद प्रतिनिधि राजेश लक्षकार एवं समाजसेवी सुरेन्द्र गुर्जर (पिराना) बतौर लाभार्थी सम्मिलित हुए। अतिथियों ने समिति के सफल आयोजन की मुक्तकंठ से सराहना की और गरबा रास की आकर्षक प्रस्तुतियां देने वाली नन्हीं-मुन्नी बालिकाओं का उत्साहवर्धन किया।
जीरन में पहली बार भक्ति के साथ देशभक्ति का अनूठा संगम-उत्सव की सबसे खास और उल्लेखनीय बात यह रही कि जीरन नगर में पहली बार धार्मिक उत्सव के मंच से देशभक्ति और भारत माता की वंदना का ऐसा अद्भुत दृश्य देखने को मिला। बालिकाओं ने कुरीतियों की जंजीरों में जकड़ी भारत माता को मुक्त कराने के भावपूर्ण आह्वान के साथ प्रसिद्ध देशभक्ति गीत "अबके बरस तुझे धरती की रानी कर देंगे" पर ओजस्वी गरबा नृत्य प्रस्तुत किया। इसके पश्चात "देवा श्री गणेशा" और लोकप्रिय गीत "मां तुझे सलाम" पर दी गई शानदार प्रस्तुतियों ने पूरे परिसर को राष्ट्रप्रेम और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया। धार्मिक आस्था के बीच राष्ट्रभक्ति के इस अनूठे समावेश की समूचे नगर और उपस्थित दर्शकों द्वारा भूरि-भूरि प्रशंसा की जा रही है। बालिकाओं की इस प्रेरणादायी प्रस्तुति ने महोत्सव को यादगार बना दिया।