नयागांव। नाग पंचमी पर्व के पावन अवसर पर सोमवार को नयागांव में धार्मिक उल्लास और भक्ति का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। श्री देव मित्र मंडल के तत्वावधान एवं ग्रामवासी द्वारा श्री खाकल देव महाराज के मंदिर पर पूजा अर्चना अभिषेक कर  भव्य और आकर्षक शोभायात्रा निकाली गई।  पूरे नगर को भक्तिमय रंग में रंग दिया। ढोल-नगाड़ों की गूंज,मनमोहक धार्मिक झांकियों और श्रद्धालुओं के जयकारों से वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शोभायात्रा के दौरान नयागांव चौकी पुलिस, थाना जावद की ओर से सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए।नगर के प्रमुख मार्गों से निकली इस यात्रा का जगह-जगह पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं ने श्री खाकल देव महाराज के दर्शन कर क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि की मंगलकामनाएं कीं। यह उल्लेखनीय है कि श्री देव मित्र मंडल नयागांव द्वारा हर वर्ष नाग पंचमी के अवसर पर धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है,जो क्षेत्र में आपसी भाईचारे और सेवा भावना को मजबूत करता है। इस वर्ष भी  रक्तदान शिविर,भव्य शोभायात्रा  जैसे कार्यक्रमों को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और उमंग देखने को मिली। मंडल द्वारा आयोजित इन कार्यक्रमों में धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों को भी प्रभावी रूप से जोड़ा गया है। रक्तदान शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लेकर मानवता की मिसाल पेश की, वहीं शोभायात्रा में युवाओं के साथ महिलाओं और बुजुर्गों की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को और भी भव्य और सफल बना दिया।