जावद । 13 अगस्त को सिंगोली से झांतला तक निकाली गई तिरंगा यात्रा के दौरान राष्ट्रीय ध्वज के कथित अपमान का मामला सामने आने के बाद युवा कांग्रेस ने कार्रवाई की मांग उठाई है। जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष मनमोहन सिंह ‘मन्नू बना’ के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जावद थाने पहुंचकर थाना प्रभारी मनोज जादोन को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में जावद विधायक एवं पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा तथा सिंगोली नगर परिषद के वार्ड-6 के पार्षद सुनील कुमार सोनी के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की गई है। ज्ञापन में युवा कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सिंगोली से झांतला के बीच निकाली गई तिरंगा यात्रा और झांतला में आयोजित सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय ध्वज को उल्टा प्रदर्शित किया गया। कांग्रेस का कहना है कि सार्वजनिक रूप से प्रसारित वीडियो फुटेज और तस्वीरों में विधायक ओमप्रकाश सकलेचा को यात्रा के दौरान उल्टा तिरंगा हाथ में लेकर चलते और लहराते हुए देखा जा सकता है। इसी तरह झांतला प्रतिमा स्थल पर पार्षद सुनील कुमार सोनी द्वारा भी उल्टा राष्ट्रीय ध्वज फहराने और लहराने का आरोप लगाया गया है।वीडियो-फोटो की तकनीकी जांच की मांग-
युवा कांग्रेस ने पुलिस प्रशासन से सिंगोली से झांतला के बीच हुई तिरंगा यात्रा और कार्यक्रम के दौरान बनाए गए सभी वीडियो फुटेज एवं फोटो साक्ष्यों की तकनीकी और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। इसके साथ ही ज्ञापन में राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम, 1971 सहित अन्य संबंधित कानूनी धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग रखी गई। ज्ञापन में कहा गया कि राष्ट्रध्वज देश की आन-बान-शान का प्रतीक है। इसलिए उसके सम्मान को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही या अनादर को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। युवा कांग्रेस ने मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ वैधानिक एवं दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। 

FIR नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी-युवा कांग्रेस ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी भी दी है कि यदि विधायक और पार्षद के खिलाफ तत्काल FIR दर्ज नहीं की जाती है तो संगठन लोकतांत्रिक तरीके से पूरे जिले में आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। ज्ञापन में आंदोलन की स्थिति में इसकी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होने की बात कही गई है। ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष मनमोहन सिंह ‘मन्नू बना’,ब्लॉक अध्यक्ष महेंद्र सिंह, शोकिन धाकड़,राजेश राठौड़, फ़ज़ल नबी,महेश चौधरी,युवराज झरिया,देवेंद्र पाटीदार,शैलेन्द्र सिंह,पंकज ऐरन और महेश वर्मा सहित युवा कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।