नीमच। शहर के हायर सेकेंडरी स्कूल क्रमांक-2 के खेल मैदान को सुरक्षित रखने की मांग को लेकर चल रहा "मैदान बचाओ अभियान" अब जन आंदोलन का रूप लेने लगा है। शुक्रवार को मैदान बचाओ समिति ने शहर के प्रमुख क्षेत्रों में हस्ताक्षर अभियान चलाकर नागरिकों से समर्थन जुटाया। समिति के सदस्यों ने बरादरी से जाजू बिल्डिंग तक रैली निकालकर लोगों को खेल मैदानों के महत्व के प्रति जागरूक किया। इस दौरान नागरिकों से अपील की गई कि खेल मैदानों को अन्य उपयोगों से बचाकर खिलाड़ियों और युवाओं के लिए सुरक्षित रखा जाए। अभियान के दौरान समिति सदस्यों ने लाउडस्पीकर के माध्यम से खेल गतिविधियों के महत्व, युवाओं के शारीरिक विकास और शहर में खेल सुविधाओं की आवश्यकता पर जानकारी दी। बड़ी संख्या में लोगों ने हस्ताक्षर कर मैदान को संरक्षित रखने की मांग का समर्थन किया। समिति का कहना है कि यह मैदान वर्षों से शहर के खिलाड़ियों के अभ्यास और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का केंद्र रहा है। यदि मैदान का स्वरूप बदला गया तो आने वाली पीढ़ियों को पर्याप्त खेल सुविधा नहीं मिल पाएगी। समिति ने प्रशासन से मांग की है कि हायर सेकेंडरी स्कूल क्रमांक-2 के खेल मैदान को स्थायी रूप से खेल गतिविधियों के लिए आरक्षित घोषित किया जाए तथा किसी भी वैकल्पिक निर्माण या उपयोग पर रोक लगाई जाए।अभियान में शहर के खेल प्रेमी, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। समिति ने आने वाले दिनों में जनजागरण और हस्ताक्षर अभियान को और व्यापक स्तर पर चलाने की घोषणा की है।