नीमच। हरियाली अमावस्या के अवसर पर अरावली पर्वत श्रृंखलाओं के मध्य स्थित प्रसिद्ध तीर्थ क्षेत्र सुखानंद धाम में बुधवार को श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। महर्षि सुखदेव की तपोस्थली माने जाने वाले इस पावन धाम में दर्शन के लिए दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट नजर आया । श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास स्वयं सुखानंद धाम पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस सहायता केंद्रों,पार्किंग स्थल,बैरिकेडिंग, यातायात व्यवस्था और पैदल मार्गों का निरीक्षण कर अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली। एसपी व्यास ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों और जवानों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को दर्शन, वाहन पार्किंग और आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो। उन्होंने भीड़ प्रबंधन, महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा और आपात स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के बाद पुलिस अधीक्षक ने सुखानंद धाम स्थित भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की तथा जिले में सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। इस दौरान जावद एसडीओपी हर्ष राठौर, प्रशिक्षु डीएसपी दिव्या चंद्रवंशी, जावद थाना प्रभारी मनोज जादौन सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और जवान उपस्थित रहे। पुलिस प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं, जिससे पर्व शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।