नीमच। सावन के पावन अवसर पर रविवार को नीमच शहर शिव भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। लखेरा समाज ट्रस्ट नीमच के तत्वावधान में आयोजित भव्य कावड़ यात्रा में समाज के सैकड़ों महिला-पुरुष, युवा और बच्चे शामिल हुए। सीआरपीएफ परिसर स्थित ऐतिहासिक किलेश्वर महादेव मंदिर से शुरू हुई यात्रा में पूरे मार्ग पर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारे गूंजते रहे। ढोल-ताशों और बैंड की धुनों पर श्रद्धालु भक्ति में झूमते हुए आगे बढ़े। मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा, स्वागत, पेयजल और प्रसादी की व्यवस्थाओं ने यात्रा के उत्साह को और बढ़ा दिया।
 
पूजन-अर्चन के बाद भरी कावड़ में पवित्र जल,कावड़ यात्रा का शुभारंभ किलेश्वर महादेव मंदिर में विशेष पूजन-अर्चन के साथ हुआ। सुबह से ही समाजजन मंदिर परिसर में जुटने लगे थे। भगवान भोलेनाथ का विशेष श्रृंगार किया गया। इसके बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती हुई। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कावड़ यात्रियों ने अपनी-अपनी कावड़ में पवित्र जल भरा। पूजन संपन्न होते ही ढोल-ताशों और बैंड की धुनों के बीच कावड़ यात्रा रवाना हुई।
 
शिव-पार्वती का स्वरूप रहा आकर्षण का केंद्र,यात्रा में भगवान शिव और माता पार्वती के स्वरूप में शामिल कलाकार विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। शिव भजनों पर उनकी प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं का ध्यान खींचा। महिलाएं और पुरुष आकर्षक ढंग से सजाई गई कावड़ लेकर कतारबद्ध होकर यात्रा में शामिल हुए। युवाओं और बच्चों में भी खासा उत्साह दिखाई दिया। श्रद्धालु भजनों पर झूमते हुए भगवान शिव के जयकारे लगाते रहे।
 
जगह-जगह पुष्पवर्षा, शीतल पेयजल और प्रसादी से स्वागत,किलेश्वर महादेव मंदिर से रवाना हुई कावड़ यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों से होकर गुजरी। यात्रा के स्वागत के लिए विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं, व्यापारियों और सामाजिक संस्थाओं ने व्यवस्थाएं की थीं। कई स्थानों पर मंच बनाकर कावड़ यात्रियों पर पुष्पवर्षा की गई। शीतल पेयजल और प्रसादी का वितरण भी किया गया। स्वागत के दौरान पूरा मार्ग शिव भक्ति और उल्लास से सराबोर नजर आया।
 
लाखेश्वर महादेव का किया जलाभिषेक,कावड़ यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई स्कीम नंबर-9 स्थित लाखेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। मंदिर पहुंचने के बाद कावड़ यात्रियों ने श्रद्धा और भक्तिभाव से कावड़ में लाए पवित्र जल से भगवान लाखेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया। इसके बाद महाआरती हुई। मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने देश, प्रदेश और क्षेत्र में शांति, सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
 
आकर्षक कावड़ों को किया पुरस्कृत, यात्रा के समापन अवसर पर मंदिर परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें यात्रा में शामिल आकर्षक कावड़ों का चयन कर संबंधित श्रद्धालुओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इससे कावड़ यात्रियों में उत्साह और बढ़ गया। ट्रस्ट की ओर से समाजजनों और कावड़ यात्रियों के लिए महाप्रसादी की व्यवस्था की गई। एकादशी का व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष फलाहारी भोजन भी उपलब्ध कराया गया।
 
धार्मिक आयोजन के साथ सामाजिक एकता का संदेश,लखेरा समाज ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने बताया कि कावड़ यात्रा का उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में धार्मिक चेतना के साथ आपसी भाईचारा, एकता और सामाजिक सहभागिता को मजबूत करना भी है। आयोजन में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता रही। मातृशक्ति, युवाओं और बच्चों की सक्रिय भागीदारी ने यात्रा को विशेष स्वरूप दिया।
 
सहयोगियों का जताया आभार,समाज ट्रस्ट नीमच की कार्यकारिणी समिति एवं महिला मंडल ने कावड़ यात्रा के सफल आयोजन में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले समाजजनों, मातृशक्ति, युवाओं, नगरवासियों और सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। आयोजन में दिनेश  कैथूनिया, किशोर चौहान, गोपाल भाटी, ब्रजेश बागड़ी, राधेश्याम कैथूनिया, सुरेशचंद्र बागड़ी,दिनेश हातड़िया,लालचंद बागड़ी अमृत  सोलंकी और राजेश कुमार लखेरा सहित समाजजनों की सहभागिता एवं सहयोग रहा।