नीमच। जिले के चैनपुरा निवासी ओंकारलाल (ओंकार सिंह) की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। परिजनों ने इसे हादसा मानने से इनकार करते हुए ससुराल पक्ष पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। मामले को लेकर ग्रामीणों में भी आक्रोश देखा गया। परिजनों के अनुसार 3 अगस्त को ओंकारलाल का साला उसे चैनपुरा से अपने साथ चौहानों का खेड़ा ले गया था। कुछ समय बाद ओंकारलाल के जीजा को फोन कर बताया गया कि उसे वहां लाया गया है। इसके कुछ देर बाद दोबारा फोन कर यह सूचना दी गई कि ओंकारलाल की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में शव परिजनों को सौंप दिया। परिजनों का आरोप है कि पोस्टमार्टम के बाद जब पीहर पक्ष के लोग शव लेकर चैनपुरा आ रहे थे,तब जलिया फाटक के पास शव को सड़क किनारे रखकर साला सहित अन्य लोग मौके से चले गए। इस घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।शव को सड़क पर रखे जाने की सूचना मिलते ही नयागांव चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और ग्रामीणों व परिजनों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया। हालांकि मृतक के परिजन आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने और कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। बाद में परिजन और ग्रामीण शव को लेकर नीमच पुलिस अधीक्षक कार्यालय के लिए रवाना हो गए, जहां घेराव और प्रदर्शन की तैयारी की बात सामने आई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी गंभीरता से पड़ताल की जाएगी। घटना के बाद चैनपुरा और आसपास के क्षेत्रों में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है तथा ग्रामीण पुलिस कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं।