( मनोज मीणा )
नीमच. चंगेरा स्थित नई कृषि उपज मंडी तक पहुंचने के लिए बनाई गई सीसी सड़क निर्माण के एक वर्ष के भीतर ही क्षतिग्रस्त होने लगी है। मुख्य मार्ग पर जगह-जगह सड़क धंस गई है, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है और किसानों व व्यापारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।जानकारी के अनुसार सड़क के नीचे की मिट्टी बैठ जाने से कई हिस्सों में दरारें आ गई हैं। विभाग ने दुर्घटना की आशंका को देखते हुए प्रभावित हिस्सों पर बैरिकेड लगाए हैं, जबकि अस्थायी रूप से मिट्टी और गिट्टी डालकर मार्ग को चालू रखने का प्रयास किया जा रहा है। नई मंडी में जिलेभर से कृषि उपज लेकर बड़ी संख्या में वाहन पहुंचते हैं। प्रतिदिन ट्रैक्टर-ट्रॉली, पिकअप और अन्य भारी वाहनों की आवाजाही होती है। ऐसे में मुख्य सड़क की खराब स्थिति किसानों और व्यापारियों के लिए परेशानी का कारण बन गई है।
गुणवत्ता पर उठे सवाल स्थानीय लोगों का कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद सड़क इतनी जल्दी खराब होना गंभीर मामला है। निर्माण कार्य की गुणवत्ता, तकनीकी स्वीकृति और निगरानी व्यवस्था की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।
प्रशासन से कार्रवाई की मांग
किसानों और व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क की तत्काल स्थायी मरम्मत कराई जाए तथा निर्माण एजेंसी और संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाए। उनका कहना है कि मंडी जिले का महत्वपूर्ण व्यावसायिक केंद्र है, इसलिए यहां तक पहुंचने वाला मार्ग मजबूत, सुरक्षित और टिकाऊ होना चाहिए।