नीमच। शहर के चर्चित समाजसेवी एवं भाजपा नेता संतोष चौपड़ा के भतीजे हर्षित चौपड़ा के कथित अपहरण और फिरौती वसूली का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि नीमच के बदमाश कमलेश धनगर ने जमीन दिखाने का झांसा देकर हर्षित को कॉलेज रोड पर बुलाया, फिर स्कॉर्पियो वाहन में बैठाकर राजस्थान के निंबाहेड़ा ले गया। वहां सुनसान इलाके में ले जाकर उसके साथ मारपीट की गई और परिवार से 50 लाख रुपए की फिरौती मांगी गई। सूत्रों के अनुसार,हर्षित चौपड़ा को पहले निंबाहेड़ा क्षेत्र में कुछ जमीनें दिखाई गईं। इसके बाद आरोपी उसे एक निर्जन स्थान पर ले गए,जहां कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की गई और मोबाइल फोन छीन लिया गया। बाद में परिवार से संपर्क कर 50 लाख रुपए की मांग की गई।
बताया जा रहा है कि हर्षित की सुरक्षित रिहाई के लिए परिजनों ने करीब 25 लाख रुपए की व्यवस्था कर आरोपियों को सौंपे,जिसके बाद उसे छोड़ा गया।
इधर, मामले की जानकारी मिलते ही निंबाहेड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कमलेश धनगर सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं नीमच सिटी थाना पुलिस ने अपहरण, फिरौती और अन्य गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपियों को निंबाहेड़ा से नीमच लाने की प्रक्रिया जारी है। पूछताछ के बाद पूरे घटनाक्रम, फिरौती की रकम और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका का खुलासा होने की संभावना है।