मनासा/नीमच। मध्यप्रदेश में चलाए जा रहे "नशे से दूरी है ज़रूरी" अभियान 2.0 के तहत नीमच पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। चौकी कंजार्डा थाना मनासा की संयुक्त पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 705 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा, एक देशी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस तथा तस्करी में प्रयुक्त दो वाहन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 22 लाख 11 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन में जिले में नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल के मार्गदर्शन, एसडीओपी मनासा शाबेरा अंसारी तथा थाना प्रभारी मनासा निरीक्षक निलेश अवस्थी के नेतृत्व में कंजार्डा पुलिस को अवैध मादक पदार्थों के परिवहन की विश्वसनीय सूचना मिली थी।
सूचना के आधार पर पुलिस ने संभावित मार्गों पर घेराबंदी कर सघन वाहन चेकिंग शुरू की। इस दौरान एक संदिग्ध बोलेरो पिकअप को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में 705 किलो डोडाचूरा बरामद हुआ। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से देशी पिस्टल और जिंदा कारतूस भी मिले।
जांच में यह भी सामने आया कि तस्करी के दौरान मुख्य वाहन की निगरानी और पुलिस गतिविधियों पर नजर रखने के लिए एक मोटरसाइकिल से पायलटिंग की जा रही थी, जिसे पुलिस ने मौके से जब्त कर लिया।
पुलिस ने मामले में एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तस्करी के पीछे संगठित नेटवर्क होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि डोडाचूरा कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति किन क्षेत्रों में की जानी थी। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शीतल पिता प्रहलाद धाकड़ निवासी कंवरपुरा मोहन नगर, थाना जावदा, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) के रूप में हुई है।इस कार्रवाई को कंजार्डा चौकी और थाना मनासा पुलिस की संयुक्त टीम की सतर्कता, सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई का परिणाम माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने टीम के कार्य को सराहनीय बताते हुए कहा कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।