नयागांव (जावद)। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के तत्वावधान में चल रहे स्वैच्छिकता पर्व के अंतर्गत नवांकुर संस्था उत्प्रेक्षा सोशल वेलफेयर फाउंडेशन, नयागांव द्वारा बुधवार को पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण, हरियाली संवर्धन एवं स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया।पौधारोपण के दौरान उपस्थित सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि पौधारोपण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, स्वस्थ और संतुलित पर्यावरण प्रदान करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का आह्वान किया। कार्यक्रम में नवांकुर संस्था के देवीलाल धनगर, नगर विकास प्रस्फुटन समिति नयागांव के पवन शर्मा, नगर परिषद नयागांव के रतन जेवरिया एवं शुभम सोनी, नयागांव गोशाला के अजय पाटीदार, समाजसेवी कैलाश भील तथा राहुल रावत सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने और अपने आसपास हरियाली बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प व्यक्त किया।