नयागांव (जावद)। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा आयोजित स्वैच्छिकता पर्व के अंतर्गत नवांकुर संस्था उत्प्रेक्षा सोशल वेलफेयर फाउंडेशन,नयागांव द्वारा पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया गया। साथ ही सभी उपस्थितजनों ने लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कहा कि पौधारोपण केवल एक दिन का कार्य नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण सुनिश्चित करने का सामूहिक दायित्व है। सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर नवांकुर संस्था से देवीलाल धनगर,नगर विकास प्रस्फुटन समिति नयागांव से पवन शर्मा,नगर परिषद नयागांव से रतन जेवरिया एवं शुभम सोनी,नयागांव गोशाला से अजय पाटीदार,समाजसेवी कैलाश भील तथा राहुल रावत सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।