नयागांव। नगर परिषद नयागांव के मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) संजय राठौर ने मंगलवार सुबह 7 बजे नगर के विभिन्न वार्डों,मुख्य मार्गों,बाजार क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थलों का औचक निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति,कचरा संग्रहण व्यवस्था,नालियों की सफाई तथा सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता का गहन अवलोकन किया।
सीएमओ राठौर ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि नगर के प्रत्येक वार्ड में नियमित, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कहीं भी कचरे का ढेर, जलभराव या गंदगी दिखाई नहीं देनी चाहिए। सभी सफाई कर्मचारी निर्धारित समय पर अपने कार्यस्थल पर उपस्थित होकर जिम्मेदारी और अनुशासन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नालियों की नियमित सफाई,घर-घर से कचरा संग्रहण,सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता तथा बाजार क्षेत्रों में विशेष सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि सफाई कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग कर सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए गए।
इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष मुकेश जाट ने नगरवासियों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ नगर का निर्माण केवल नगर परिषद की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व भी है। उन्होंने नागरिकों से घरों और प्रतिष्ठानों का कचरा निर्धारित समय पर कचरा संग्रहण वाहन को ही देने, सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फेंकने तथा सिंगल-यूज प्लास्टिक के उपयोग से बचने का आग्रह किया।