नीमच। गो सम्मान आह्वान अभियान को लेकर जवाहर नगर स्थित जांगिड़ ब्राह्मण समाज भवन में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में नीमच शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों, व्यापारिक संघों तथा धार्मिक संस्थाओं के 100 से अधिक प्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान निर्णय लिया गया कि आज सोमवार को 'गो सम्मान दिवस' के अवसर पर दोपहर 12 बजे तक नीमच शहर के समस्त व्यापारिक प्रतिष्ठान एवं कारोबार स्वेच्छा से बंद रखे जाएंगे। सोमवार को कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8:00 बजे से 9:15 बजे तक रामधुन व विजय मंत्र संकीर्तन के साथ होगी। इसके बाद प्रातः 10:00 बजे शहरवासी, व्यापारी एवं विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि सीआरपीएफ रोड स्थित लायंस पार्क चौराह पर एकत्रित होंगे। यहाँ से पैदल मार्च के रूप में कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन (प्रार्थना-पत्र) सौंपा जाएगा। ज्ञापन सौंपने के पश्चात सभी श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था रखी गई है।
प्रार्थना-पत्र (ज्ञापन) की 3 प्रमुख मांगें:
1. संपूर्ण भारत में गौहत्या पर कानूनी रूप से पूर्णतः प्रतिबंध लगाया जाए।
2. गौमाता को 'राष्ट्रमाता' अथवा 'राष्ट्र आराध्या' का राष्ट्रीय दर्जा दिया जाए।
3. गोसेवा एवं संरक्षण हेतु पृथक केंद्रीय गौ सेवा मंत्रालय का गठन हो और सख्त केंद्रीय कानून लागू किया जाए। बैठक में वरिष्ठ समाजसेवी पारस पटवा,बलवंत सिंह मेहता, पारसमल नागौरी,बाबूलाल नागदा,बालकृष्ण सोलंकी,दिलीप छाजेड़,हरे कृष्ण चतुर्वेदी, मनोहरलाल बंब,शांतिलाल गुप्ता,हरीश अहीर,अशोक मंगल,ईश्वर आहूजा,पूरण रामचंदानी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं समाजजन उपस्थित रहे। रेडिमेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष संतोष प्रेनाणि व सचिव मुकेश बाहेती तथा कपड़ा एसोसिएशन के दीपक शर्मा व दिलीप मोगरा ने नगर बंद के आह्वान का पूर्ण समर्थन किया। इसके अलावा विश्व हिंदू परिषद के निर्मल देव नरेला,लक्ष्मण राठौर,संजय चौरसिया,कपिल बैरागी सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने भी भाग लिया। आयोजकों ने समस्त नीमच नगरवासियों एवं व्यापारी बंधुओं से अपील की है कि वे 27 जुलाई को दोपहर 12 बजे तक अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर लायंस पार्क चौराहे पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित हों और इस पुण्य कार्य में सहभागी बनें।