नीमच। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेशभर में चलाए जा रहे "नशे से दूरी है जरूरी अभियान 2.0" (15 से 30 जुलाई) के तहत बुधवार को मनासा के शासकीय सांदीपनि विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए उन्हें नशे से दूर रहने और समाज को जागरूक करने का संदेश दिया। एसपी राजेश व्यास ने अपने संबोधन में कहा कि नशा व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से कमजोर बना देता है तथा उसे भय, चिंता और अपराध की ओर धकेलता है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि यदि कोई उन्हें नशा करने के लिए प्रेरित या दबाव डालता है, तो तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दें। उन्होंने युवाओं से खेलकूद और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़कर स्वस्थ जीवन अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने मैदान में "No Drugs" की आकृति बनाकर विशाल मानव श्रृंखला तैयार की और नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया। इसके बाद एसपी ने सभी छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को स्वयं नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) साबेरा अंसारी, थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश अवस्थी, उप निरीक्षक सपना राठौर, विद्यालय का शिक्षक स्टाफ तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। नीमच पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे नशे के खिलाफ इस जन-आंदोलन से जुड़ें। जनसहयोग और सामाजिक सहभागिता से ही स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त समाज का निर्माण संभव है।