नीमच। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन में यातायात पुलिस ने जिलेभर में विशेष चेकिंग अभियान चलाते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। अभियान के दौरान स्कूल बसों की जांच की गई, जबकि नाबालिग वाहन चालकों के अभिभावकों को थाने बुलाकर समझाइश दी गई। थाना प्रभारी यातायात रक्षित निरीक्षक सोनू बड़गुर्जर के नेतृत्व में यातायात टीम ने ब्लैक फिल्म लगे वाहनों, तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों, बिना हेलमेट दोपहिया चालकों सहित अन्य नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई की। 20 व 21 जुलाई को चलाए गए अभियान में कुल 80 चालान बनाए गए और 38,800 रुपये का समन शुल्क वसूला गया। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा को लेकर यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। यातायात पुलिस की अपील पुलिस ने आमजन से नाबालिग बच्चों को वाहन न देने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की है। साथ ही वाहनों में प्रेशर हॉर्न, मॉडिफाइड (फर्राटेदार) साइलेंसर, सर्चिंग लाइट और ब्लैक फिल्म का उपयोग नहीं करने की चेतावनी दी है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।