मनासा, 20 जुलाई। नीमच जिले की मनासा पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए क्षेत्र के कुख्यात ड्रग माफिया विनोद पिता जगदीश धाकड़ (28), निवासी ग्राम कुंजार्डा को PIT-NDPS Act, 1988 के तहत निरुद्ध कर केंद्रीय जेल इंदौर भेज दिया है। यह कार्रवाई आयुक्त उज्जैन संभाग एवं जिला दण्डाधिकारी नीमच के आदेश पर पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल तथा एसडीओपी मनासा शाबेरा अंसारी के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस के अनुसार आरोपी पिछले करीब 10 वर्षों से अवैध मादक पदार्थों के संग्रहण,परिवहन और तस्करी में सक्रिय था। उसका नेटवर्क नीमच जिले के साथ-साथ राजस्थान के चित्तौड़गढ़ एवं अन्य सीमावर्ती क्षेत्रों तक फैला हुआ था। पुलिस का दावा है कि उसने तस्करी के लिए एजेंटों और बिचौलियों का संगठित गिरोह भी बना रखा था। विनोद धाकड़ के विरुद्ध वर्ष 2017 से अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत तीन गंभीर प्रकरण दर्ज हैं,जिनमें थाना रतनगढ़ और थाना मनासा के मामले शामिल हैं। पुलिस के अनुसार उसकी आपराधिक गतिविधियों से क्षेत्र में भय का माहौल था और लोग उसके खिलाफ खुलकर बोलने से कतराते थे। मनासा थाना पुलिस ने आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर विस्तृत डोजियर तैयार कर जिला दण्डाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया था। इसके बाद PIT-NDPS Act के तहत निरुद्धीकरण की कार्रवाई की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त तस्करों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह की कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।