नीमच। नगर पालिका परिषद नीमच द्वारा रविवार को राजस्व कॉलोनी स्थित उद्यान क्रमांक-1 में विकास कार्यों के लोकार्पण एवं पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विधायक दिलीप सिंह परिहार के मुख्य आतिथ्य, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा की अध्यक्षता तथा वार्ड पार्षद राजेश लालवानी एवं राजस्व कॉलोनी विकास समिति के सदस्यों के विशेष आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों को पाथवे निर्माण एवं कुएं के विकास कार्य की सौगात प्रदान की गई। नगर पालिका की मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया के मार्गदर्शन में लगभग 12 लाख रुपये की लागत से निर्मित पाथवे का लोकार्पण किया गया। वहीं विधायक निधि एवं कॉलोनीवासियों के सहयोग से विकसित किए गए कुएं का विधिवत पूजन भी संपन्न हुआ। इस अवसर पर विधायक दिलीप सिंह परिहार, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा एवं सुचित्रा परिहार ने वार्ड पार्षद राजेश लालवानी तथा क्षेत्रवासियों के साथ पाथवे एवं कुएं का लोकार्पण कर विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं एवं पुरुषों ने रोपे गए पौधों की सुरक्षा एवं उनके संरक्षण का संकल्प लेते हुए उन्हें वृक्ष के रूप में विकसित करने का विश्वास दिलाया। विधायक परिहार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। केवल पौधारोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि पौधों की नियमित देखरेख कर उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखना भी आवश्यक है। नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यदि हम पौधारोपण के साथ-साथ उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाएं, तभी आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण प्रदान कर सकेंगे। उन्होंने राजस्व कॉलोनी के नागरिकों द्वारा उद्यान की सुंदरता एवं संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि नगर के अन्य क्षेत्रों के रहवासी भी इससे प्रेरणा लेकर अपने-अपने उद्यानों के संरक्षण की जिम्मेदारी निभाएं तो नगर पालिका उन्हें हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी। इस अवसर पर वार्ड पार्षद राजेश लालवानी, संजय किलेवाला, अशोक अग्रवाल (एलआईसी), हरीश दुआ, नंदकुमार जैन (नंदू सर्राफ), दर्शन सिंह गांधी, अशफाक बोहरा, दीपू आसवानी, यशवंत मोटवानी, डॉ. जायसवाल, संजय पवार, मनोज अग्रवाल, मनोज दुआ, मधुसूदन खंडेलवाल, बगीचा शाखा प्रभारी महावीर जैन, रजिया अहमद, गोदावरी लालवानी, अनीता अग्रवाल, अनीता समदानी, तृप्ति दुआ एवं अलका खंडेलवाल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी एवं नगर पालिका के कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान राजस्व कॉलोनीवासियों ने उद्यान में पाथवे निर्माण एवं कुएं के विकास कार्य के लिए विधायक दिलीप सिंह परिहार एवं नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा का अभिनंदन कर आभार व्यक्त किया।