जिला कांग्रेस बैठक में संगठन मजबूती और जनआंदोलनों की रणनीति पर जोर, पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन ने कहा- जनता के मुद्दों पर सड़क से सदन तक लड़ेगी कांग्रेस, पढ़े ये खबर
08 Jul 2026
NEEMUCH NEWS
नीमच। तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस प्रभारी एवं पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन ने कहा कि कांग्रेस अब केवल विपक्ष की भूमिका तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि जनता से जुड़े हर मुद्दे पर सड़क से लेकर सदन तक निर्णायक संघर्ष करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को अनुशासन, एकजुटता और सक्रियता के साथ मजबूत बनाते हुए जनआंदोलनों को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया। गांधी भवन स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक को संबोधित करते हुए मीनाक्षी नटराजन ने कहा कि नीट पेपर लीक, किसानों को खाद-बीज की समस्या, भ्रष्टाचार के आरोप तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता जैसे मुद्दों पर कांग्रेस जनता की आवाज बनकर संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि 14-15 जुलाई को प्रस्तावित साइकिल यात्रा तथा 9 अगस्त को भारत छोड़ो आंदोलन दिवस पर दिल्ली में आयोजित अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के विरोध-प्रदर्शन को ऐतिहासिक बनाया जाएगा। इसके लिए जिला कांग्रेस कमेटियों को बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। मीडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने राज्यसभा चुनाव में उनका नामांकन पत्र निरस्त होने, संगठन की मजबूती तथा आगामी नगरीय निकाय एवं विधानसभा चुनावों की तैयारियों से जुड़े सवालों के जवाब भी दिए। बैठक में जिला प्रभारी एवं सुसनेर विधायक भेरूसिंह बापू, जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती, वरिष्ठ कांग्रेस नेता, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन बृजेश सक्सेना एवं मनोहर अंब ने किया।