देर रात चौकियों पर पहुंचे एसपी राजेश व्यास, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
19 Jun 2026
NEEMUCH NEWS
नीमच। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था की वास्तविक स्थिति जानने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने जावद अनुभाग क्षेत्र की विभिन्न पुलिस चौकियों का औचक निरीक्षण किया। बिना पूर्व सूचना के देर रात किए गए इस निरीक्षण से पुलिस अमले में सतर्कता का माहौल देखने को मिला। निरीक्षण के दौरान एसपी व्यास सरवानिया महाराज, डिकेन एवं कंजार्डा पुलिस चौकियों पर पहुंचे। उन्होंने चौकियों में मौजूद पुलिस बल की उपस्थिति,रात्रिकालीन ड्यूटी व्यवस्था,गश्त की स्थिति तथा सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही रोजनामचा,अपराध संबंधी अभिलेखों एवं अन्य आवश्यक रजिस्टरों का बारीकी से अवलोकन कर रिकॉर्ड संधारण की समीक्षा की।
एसपी ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी बनाया जाए तथा संदिग्ध गतिविधियों एवं असामाजिक तत्वों पर सतत निगरानी रखी जाए। उन्होंने आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए। पुलिस अधीक्षक के इस औचक निरीक्षण को कानून-व्यवस्था की निगरानी और पुलिसिंग को अधिक जवाबदेह एवं प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे जहां पुलिस कर्मियों में सजगता बढ़ेगी,वहीं ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा भी मजबूत होगा।