नीमच। महावीर इंटरनेशनल प्रियदर्शिनी, नीमच द्वारा दिवाकर भवन में आयोजित सेवा एवं महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम समाजसेवा, संवेदनशीलता और आत्मनिर्भरता का प्रेरक उदाहरण बनकर सामने आया। कार्यक्रम में क्लब अध्यक्ष रज़िया अहमद एवं उनके परिवार द्वारा स्वर्गीय शीरीन अहमद की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर पांच जरूरतमंद महिलाओं को पायदान सहित सिलाई मशीनें भेंट की गईं, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ कर सकें। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान महावीर के चित्र पर माल्यार्पण एवं महावीर इंटरनेशनल के गीत "दिन-रात मेरी, सब सुखी संसार हो" के सामूहिक गायन के साथ हुआ। इस अवसर पर गवर्निंग काउंसिल सदस्य राकेश जैन, सूरजमल अग्रवाल, मनोहरलाल बंब, ओम तेलवाले, प्रदीप धाकड़ तथा सेवा भारती के नारायण सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अपने संबोधन में क्लब अध्यक्ष रज़िया अहमद ने कहा कि महावीर इंटरनेशनल का उद्देश्य जरूरतमंद एवं कमजोर वर्ग के लोगों को आत्मनिर्भर बनाना तथा सेवा कार्यों के माध्यम से मानवता, करुणा और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने अपने कार्यकाल में किए गए विभिन्न सामाजिक एवं सेवा कार्यों की जानकारी भी साझा की। गवर्निंग काउंसिल सदस्य राकेश जैन ने रज़िया अहमद एवं उनकी टीम द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ-साथ अन्य लोगों को भी समाजसेवा के लिए प्रेरित करते हैं। कार्यक्रम के दौरान पांच महिलाओं को सिलाई मशीनें वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। अंत में उपस्थित सदस्यों द्वारा रज़िया अहमद का सम्मान किया गया तथा उनके सेवा कार्यों की प्रशंसा की गई। आशा सांभर ने कार्यक्रम का संचालन किया। आभार प्रदर्शन के साथ संपन्न हुए इस आयोजन ने महिला सशक्तिकरण, सेवा भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति महावीर इंटरनेशनल प्रियदर्शिनी की प्रतिबद्धता का सशक्त संदेश दिया।