सिंगोली। तेज गति से दौड़ रही रोडवेज बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। बच्चों और महिलाओं सहित 40 से अधिक यात्री घायल हो गए। सभी को एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक बच्चे समेत 17 लोगों को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया है। यह हादसा रावतभाटा में श्रीपुरा गांव के पास बुधवार सुबह करीब 8.30 बजे चित्तौड़गढ़-बांसवाड़ा मार्ग पर हुआ। डीएसपी कमल प्रसाद मीणा ने बताया- कोटा से बांसवाड़ा जाने वाली रोडवेज बस रावतभाटा में रुकने के बाद सुबह बुधवार सुबह करीब 7 बजे रवाना हुई थी। रावतभाटा से करीब 20 किलोमीटर श्रीपुरा गांव के पास बस हादसे का शिकार हो गई और सड़क किनारे गड्ढे में गिर गई। हादसे में बस में सवार 40 से अधिक यात्री घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से यात्रियों को रावतभाटा उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों की टीम इलाज में जुटी है।
बीसीएमओ डॉ. अनिल जाटव ने बताया कि इनमें से 17 लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें उच्च केंद्रों के लिए रेफर किया गया। रेफर किए गए लोगों में 7 वर्षीय नेवाज, मदन (45), सुखी बाई (70), गिरिजा गंगा (45), माधु बाई (29), पंकज (25), सीमा (24), प्रदीप (45), भगवती (55), गंगा (40), विनीता (20), रहमा (27), ज्योति (16), मांशवी (11), नितिन (35), ताज मोहम्मद (70) और 12 वर्षीय ओमप्रकाश शामिल हैं।