नीमच। भाजपा नेता के पुत्र पाशु उर्फ प्रबुद्ध भारद्वाज के खिलाफ बोहरा समाज में आक्रोश व्याप्त है। सोमवार को जीरन के पीडित परिवार पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल से मिले और भाजपा नेता पुत्र की गुंडागर्दी और भूमि पर जबरन कब्जा करने की शिकायत दर्ज करवाई। इस मामले में एसपी ने जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। बोहरा समाज के व्यक्ति जल्द ही इस मामले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भी मिलेंगे और नीमच में भाजपा नेता के पुत्र द्वारा गुंडागर्दी के बलबूते पर कमजोर और सभ्य लोगों की जमीन छिनने के मामले से अवगत करवाएंगे। जीरन में सर्वें नंबर 613,614,615, 616, 617,618 में करीब 3 बीघा जमीन है, जो ग्वालियर स्टेट के समय से ही ताहिर अली बोहरा को पट्टे पर मिली थी, वर्तमान में उनके परिवार के शब्बीर हुसैन, युसूफ, मुईज, खैरूनबाई, जैहराबाई, खोजेमा, यासमीन, फरिदा, फातेमा का कब्जा है। इस भूमि को लेकर शंकर राव पिता सदाशिव राव एवं उनके परिजन पूर्व में राजस्व मंडल से लेकर हाईकोर्ट तक पहुंचे, लेकिन उनकी अपील खारिज हो गई। हाईकोर्ट के आदेश के संबंध में सर्वोच्च न्यायालय में प्रकरण क्रमांक सिविल अपील 3929/2009 दर्ज हुई, लेकिन 29.11.2023 को उक्त अपील को खारिज कर दिया। लेकिन शंकरराव पिता सदाशिवराव के पुत्र प्रकाश राव ने राजस्व अभिलेखों में नाम दर्ज हाने का अवैध फायदा उठाते हुए हरदेव भाटी, सत्यनाराण पिता नंदकिशोर पाटीदार को दिनांक 21.10.2020 को उक्त जमीन विक्रय कर दी। बोहरा परिवार ने इसे फर्जी रजिस्ट्री करार दिया है, वहीं उनके वैध वारिस के नाम पर जमीन दर्ज करवाने के लिए पूर्व में आवेदन भी दे दिए थे, लेकिन एसडीएम— तहसील कार्यालय में लेटलतीफी के चलते राजस्व रिकार्ड में उनका नाम दर्ज नहीं किया गया,जबकि राजस्व मंडल से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक उक्त जमीन को लेकर केस जीत चुके है। यह जमीन वर्ष 2024 में फिर बिक गई।हरदेव भाटी और सत्यनारायण पिता नंदकिशोर पाटीदान ने 25.10.2024 को प्रतापगढ के ज्योतिप्रकाश पिता बाबूलाल को क्रय कर दी है। इसी में नीमच के भाजपा नेता राकेश भारद्वाज के बेटे पाशु उर्फ प्रबुद्ध भारद्वाज की हिस्सेदारी की खबर है। पीडित बोहरा समाज के व्यक्तियों द्वारा एसपी को दर्ज करवाई शिकायत में बताया गया कि दो बार उक्त भूमि की धोखाधडीपूर्वक रजिस्ट्री हुई है। इस मामले में रसूखदार लोग शामिल होने के कारण कोई कार्रवाई नहीं हो पा रही है। दिनांक 30.10.2024 को नीमच के बाहुबली प्रबुद्ध भारद्वाज एवं उसके साथी देवकीनंदन जाट व राहुल गोस्वामी ने कब्जा करने की कोशिश की और जान से मारने की धमकी दी गई थी, इस संबंध में जीरन थाने व एसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज करवाई गई थी, सोमवार को फिर खेत को हांककर कब्जा करने का प्रयास किया गया। प्रबुद्ध भारद्वाज द्वारा रघुनंदन जाट व देवकीनंदन जाट आदि को भेजकर प्रार्थीगणों के खेत को जबरन हकवाने का प्रयास किया। खुलेआम धमकी दी गई कि कब्जा नहीं छोडा गया तो जान से खत्म कर देंगे। 50 दिनी जेल काटकर आ चुका है प्रबुद्ध भारद्वाज, नीमच सिटी थाने में भी आरोपी—भाजपा नेता राकेश भारद्वाज और उनके बेटे के खिलाफ नीमच जिले में कई शिकायतें अभी भी लंबित है। 11 जुलाई 2024 को आरएसएस के नगर कार्यवाहक मोहन रामनानी की दुकान पर कब्जा करने के मामले में हमला किया था। इस मामले में प्रबुद्ध भारद्वाज सहित एक दर्जन आरोपियों को पुलिस ने पकडा था। इस मामले में 50 दिन तक प्रबुद्ध भारद्वाज कनावटी जेल में रहकर आया है, वहीं एक अन्य मामले में नीमच सिटी थाने में भाजपा नेता राकेश भारद्वाज और प्रबुद्ध भारद्वाज सहित अन्य लोग धोखाधडी के आरोपी है, फरियादी मधु राठौर ने कोर्ट में आवेदन लगाया था, इससे पहले पुलिस ने बाप—बेटे सहित कई लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया था। नीमच में भाजपा नेता और उसके पुत्र के खिलाफ आज भी कई शिकायतें लंबित है। अगर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो यह मामला मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के समक्ष भी पहुंच सकता है। साथ में — श्रीमान पुलिस अधीक्षक को दिए गए ज्ञापन की कॉपी