मंदसौर जिले के अंतर्गत आने वाले नारायणगढ़ में रविवार को बाइक से टकराकर कुएं में गिरे कार सवार श्रद्धालुओं को बचाने में अपनी जान गवाने वाले मंदसौर निवासी मनोहर सिंह को लेकर मध्य प्रदेश सरकार ने बड़ी घोषणा कर दी है। इस संबंध में खुद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घोषणा करते हुए कहा कि, मनोहर सिंह के परिवार से किसी एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी दी जाएगी। साथ ही, मरणोपरांत मनोहर सिंह को वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। आपको बता दें कि, नारायणगढ़ से गुजरते समय कार एक बाइक को टक्कर मारते हुए सड़क किनारे खुले पड़े कुएं में जा गिरी थी। हादसे में कार सवार 14 में से 10 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि उस बाइक सवार की भी मौत हुई, जिससे टकराकर कार कुएं में गिरी थी। टक्कर के बाद कार को कुएं में गिरता देख मार्ग से गुजर रहे मनोहर सिंह ने कार सवारों को बचाने के उद्देश्य से अपनी जान की परवाह किए बिना खुद भी कुएं में छलांग लगा दी। लेकिन, अफसोस कुए के भीतर जहरीली गैस का रिसाव भी हो रहा था, जिसकी चपेट में आने से कार के साथ कुएं में गिरकर घायल हुए लोगों के साथ मनोहर सिंह की भी मौत हो गई।मनोहर सिंह के इस बलिदान को मद्देनजर रखते हुए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषणा की है कि, मनोहर सिंह के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाएगी। साथ ही, मध्य प्रदेश सरकार मरणोपरांत मनोहर सिंह को वीरता पुरस्कार से सम्मानित करेगी।