लहसुन की नीलामी में अनियमितता को लेकर किसानों का हंगामा, नीमच मंडी का मुख्य गेट किया बंद
22 Apr 2025
Local News
नीमच, 22 अप्रैल नीमच की कृषि उपज मंडी में मंगलवार शाम उस समय तनाव की स्थिति बन गई जब लहसुन की नीलामी में अनियमितता के आरोप लगाते हुए किसानों ने जमकर हंगामा किया और मंडी का मुख्य द्वार बंद कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे किसानों का आरोप था कि वे दो दिन पहले से अपनी लहसुन की उपज के साथ मंडी में मौजूद हैं, लेकिन अब तक उनकी नीलामी नहीं हो पाई है। वहीं, उनसे बाद में आए किसानों की उपज की नीलामी पहले कर दी गई। इससे नाराज होकर किसानों ने मंडी प्रबंधन के खिलाफ विरोध जताया। सूचना मिलते ही मंडी सचिव, तहसीलदार और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और किसानों से चर्चा कर स्थिति को शांत करने का प्रयास किया। मंडी सचिव ने बताया कि सात नंबर शेड में नीलामी के लिए तय माल के स्थान पर गलती से अन्य किसानों का माल रख दिया गया था, जिसके कारण यह भ्रम और नाराजगी उत्पन्न हुई।प्रशासन ने किसानों को आश्वस्त किया कि आगे से ऐसी स्थिति न हो, इसके लिए नीलामी प्रक्रिया में सुधार किए जा रहे हैं। इसी के तहत मंडी में अब से लहसुन की नीलामी का समय बढ़ा दिया गया है। पहले यह नीलामी सुबह 10:30 से शाम 5:00 बजे तक होती थी, जिसे अब सुबह 9:30 से शाम 6:00 बजे तक किया गया है।
प्रशासन की समझाइश और नई व्यवस्था लागू किए जाने के बाद किसानों ने प्रदर्शन समाप्त किया।
---