नीमच: जीरन पुलिस ने मादक पदार्थों के तस्करों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए चीताखेड़ा क्षेत्र में लगभग 3.5 क्विंटल अवैध डोडाचूरा जब्त किया है। पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन में जीरन थाना प्रभारी उमेश यादव के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई,पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में भारी मात्रा में अवैध डोडाचूरा ले जाया जा रहा है। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए जीरन थाना प्रभारी उमेश यादव ने अपनी स्पेशल टीम के साथ चीताखेड़ा क्षेत्र में नाकाबंदी की। नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोका। तलाशी लेने पर पिकअप में लगभग 3.5 क्विंटल अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिससे पूछताछ जारी है। इस कार्रवाई की एक खास बात यह रही कि पुलिस ने पिकअप वाहन की पायलटिंग कर रही एक अल्टो कार को भी पकड़ा है। हालांकि, अल्टो कार में सवार आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा, लेकिन पुलिस ने उसे नामजद कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने जीरन पुलिस की इस शानदार कार्रवाई की सराहना की है। उन्होंने कहा कि पुलिस मादक पदार्थों के तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है और इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। जीरन थाना प्रभारी उमेश यादव ने बताया कि पकड़े गए आरोपी से डोडाचूरा की तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जा रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा। जीरन पुलिस की इस सफलता से क्षेत्र में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगने की उम्मीद है। पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की आम जनता द्वारा भी सराहना की जा रही है। - 10 वर्षो की तुलना में, साल 2024 से अप्रेल 2025 तक मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध की गई सबसे अधिक कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के कार्यकाल में जिला पुलिस द्वारा एक साल में 10 साल की तुलना में तस्करों पर सबसे अधिक कार्रवाई की गई है। बड़ी मात्रा में आरोपियों से अवैध डोडा चूरा अफीम और गांजा बरामद किया।