जगदीश देवड़ा को मिली MP के डिप्टी सीएम की जिम्मेदारी, सातवी बार के विधायक के राजनीतिक सफर पर एक नजर,
12 Dec 2023
Local News
नीमच। भाजपा विधायक दल की बैठक में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री का एलान हो गया। दक्षिण उज्जैन से विधायक मोहन यादव राज्य के मुख्यमंत्री होंगे। इसके साथ ही विधायक दल की बैठक में दो डिर्टी सीएम बनाने का फैसला हुआ है। जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला मध्य प्रदेश के नए उप मुख्यमंत्री होंगे। मध्य प्रदेश में 11 दिसंबर 2023 को भाजपा विधायक दल की बैठक हुई। 11 दिसंबर सोमवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने प्रदेश कार्यालय में सभी निर्वाचित विधायकों को उपस्थित रहने को लेकर निमंत्रण दिया था।जगदीश देवड़ा शिवराज सरकार में वित्त मंत्री का जिम्मा संभाल रहे हैं। वह मल्हारगढ़ विधानसभा सीट से विधायक हैं। देवड़ा लगातार सातवी बार जीतकर विधानसभा पहुंचे हैं।
जगदीश देवड़ा ने 59024 वोटों से जीत हासिल की है
जगदीश देवड़ा ने इस बार के चुनाव में 59024 वोटों से जीत हासिल की है। उन्होंने निर्दलीय विधायक श्यामलाल जोकचंद को हराया है, वहीं कांग्रेस प्रत्याशी परशुराम सिसौदिया तीसरे नंबर पर रहे, जो 79335 वोटों से चुनाव हारे हैं।
अपनी फिटनेस को लेकर हमेशा रहते हैं सजग
जगदीश देवड़ा 66 साल की उम्र में भी अपनी फिटनेस को लेकर सजग रहते हैं। शांत स्वभाव को जगदीश देवड़ा मध्य प्रदेश भाजपा के कद्दावर नेताओं में शुमार किए जाते हैं। इसके साथ ही वह विवादों से कोसों दूर रहे हैं। इन वजहों से ही देवड़ा को वित्त जैसे महत्वपूर्ण विभाग की कमान सौंपी गई है। माना जाता है कि जगदीश देवड़ा की पार्टी संगठन में अच्छी पकड़ है।
थावरचंद गहलोत के बाद एक बड़े दलित चेहरे देवड़ा
मध्यप्रदेश में थावरचंद गहलोत के बाद एक बड़े दलित चेहरे जगदीश देवड़ा को मध्य प्रदेश का उप मुख्यमंत्री बनाया गया है। 1990 में पहली बार विधायक बनने के बाद से अपने लगभग 33 वर्ष के लंबे राजनीतिक कार्यकाल में जगदीश देवड़ा 7 बार विधायक बने हैं।
उमा भारती से लेकर शिवराज सिंह में रहे मंत्री
प्रदेश की 2003 में उमा भारती सरकार से लेकर अभी की शिवराज सिंह चौहान की सरकार तक में वे बड़े मंत्रालय संभाल चुके हैं। जिनमें परिवहन,गृह,श्रम,जेल, वित्त मंत्री का प्रभार भी संभाल चुके हैं। इसके अलावा पार्टी ने उन्हें जहां भी भेजा वहां काफी अच्छे से कार्य किया है। थावरचंद गहलोत के राज्यपाल बनने के बाद से जगदीश देवड़ा को मध्य प्रदेश बीजेपी में बड़े दलित चेहरे के रूप में देखा जा रहा था। उसके चलते अब उन्हें उप मुख्यमंत्री के तौर पर बड़ी जिम्मेदारी मिली है। देवड़ा को उप मुख्यमंत्री बनाने के बाद उनके समर्थकों में खुशी का माहौल है। मल्हारगढ़ क्षेत्र में भी जश्न का माहौल है। जगदीश देवड़ा नीमच जिले के रामपुरा के रहने वाले हैं। उनके पिता का नाम गेंदालाल देवड़ा है। जगदीश देवड़ा की पत्नी का नाम रेणु देवड़ा है, जिनसे दो पुत्र हैं। अगर देवड़ा की पढ़ाई की बात की जाए तो उन्होंने एम.ए.और एल-एल.बी की डिग्री हासिल की है।