जावद के मतदाताओं ने इतिहास रचा, यह बदलाव का संकेत - समंदर पटेल
18 Nov 2023
Local News
जावद। विधानसभा चुनाव में जावद क्षेत्र के मतदाताओं ने इतिहास रच दिया। शाम 6:00 बजे तक 80% से अधिक मतदान हो चुका था। ग्रामीण अंचल के साथ शहरी क्षेत्रों में मतदान का प्रतिशत अपेक्षा से कहीं अधिक रहा। कांग्रेस प्रत्याशी समंदर पटेल ने मतदान प्रतिशत को बदलाव का संकेत बताते हुए क्षेत्र के लोगों का धन्यवाद ज्ञापित किया है । उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे उनकी अपेक्षाओं पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास करेंगे। सुबह से ही मतदान केन्द्रों पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी और मतदान को लेकर उत्साह नजर आया। दोपहर 1:00 बजे तक लगभग 30% तक मतदान हो चुका था। 2 घंटे बाद मतदान ने रफ्तार पकड़ी और मतदान केंद्रों के बाहर लंबी-लंबी कतारें नजर आई। इसके साथ ही मतदान का ग्राफ एकाएक बढ़ा और शाम 5:00 बजे तक 79% मतदान तक पहुंच चुका था जबकि उसके बाद भी मतदाता कतारों में थे । जाट और सिंगोली तथा रतनगढ़ क्षेत्र में लगातार मतदाताओं के आने का क्रम बना रहा । जावद सहित नगर परिषद क्षेत्र में भी पार्टी को अच्छा सपोर्ट मिला । हालत यह थी कि मतदान केंद्रों के बाहर भाजपा के काउंटरों पर लोगों का चेहरे उतरे हुए थे । भाजपा के कट्टर लोग का भी रूझान भी बुझा बुझा दिखाई दिया। लोगों की यह नाराजगी मतदान केंद्रों तक पहुंची। मतदान प्रतिशत लगभग 83.65% तक पहुंच गया जो प्रदेश में सर्वाधिक है। मतदान प्रतिशत को कांग्रेस प्रत्याशी पटेल ने पार्टी के पक्ष में बताते हुए कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान लोगों द्वारा जो आशीर्वाद दिया गया, उसे पार्टी कार्यकर्ता मतपेटियों तक पहुंचाने में कामयाब रहे। यह मतदान लगातार 20 साल से मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा के शोषण का प्रतिकार है, जिन्होंने क्षेत्र के लोगों को सपने दिखाने के अलावा कुछ भी नहीं किया। यह क्षेत्र के किसानों का आक्रोश है, जिनकी कब्जाशुदा जमीनों को अतिक्रमण बताते हुए महज कुछ उद्यमियों को सौंप दिया गया। यह युवाओं की नाराजगी का प्रतीक है जिन्हें काम दिलवाने का कोई प्रयास नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि निश्चित ही यह मतदान प्रतिशत पार्टी की भारी जीत का प्रतीक है। 3 दिसंबर को चुनावी नतीजे तो एक औपचारिकता होगी, क्षेत्र के लोगों ने आधिकारिक मतदान कर सखलेचा परिवार के राज को अलविदा कह दिया। उन्होंने क्षेत्र के लोगों को धन्यवाद देते हुए कहा कि वह मरते दम तक जावद विधानसभा क्षेत्र के लोगों के इस कर्ज को नहीं उतार पाएंगे। वे क्षेत्र के विकास और लोगों की उम्मीदों को परवान चढ़ने का हर संभव प्रयास करेंगे।