पूर्व सीएम कमलनाथ मंदसौर पहुंचे:जनसभा में बोले- प्रदेश में नौजवान बिना काम के, किसान बिना दाम के, शिवराज किस काम के
04 Nov 2023
Local News
नीमच। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ शुक्रवार को) मंदसौर पहुंचे। उन्होंने शहर के गांधी चौराहा पर जनसभा को संबोधित करते हुए जिले की चारों विधानसभाओं में कांग्रेस प्रत्यशियों के पक्ष में अपील की। सुबह 11 बजे वे मंच पर पहुंचे अपने 18 मिनट के भाषण में उन्होंने शिवराज सरकार पर निशाना साधा। कमलनाथ ने जनता से कहा कि उनका क्या गुनाह था जो उनकी 15 महीनों की सरकार को गिरा दी गई।कमलनाथ ने कहा मैंने 40 साल चुनाव लड़ा लेकिन ऐसा चुनाव कभी नहीं देखा, ये चुनाव मध्यप्रदेश के भविष्य का चुनाव है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास सिर्फ कमीशन और घोटालों का हुआ है। जगह-जगह जब मैं लोगो से पूछता हूं कि प्रदेश का क्या हाल है, तो लोग कहते हैं पैसे दो और काम लो। यहां 50 एकड़ जमीन वाला व्यक्ति भी गरीबी रेखा में नाम दर्ज करवा लेता है।कमलनाथ ने शिवराज पर तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश में जवान बिना काम के, किसान बिना दाम के, शिवराज किस काम के। उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में मंदसौर ने हमारा साथ नहीं दिया फिर भी बिना पक्षपात के 1 लाख 1 हजार किसानों का कर्जा माफ किया। उन्होंने किसानों की दोबारा कर्ज माफी का वादा भी किया। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस के वचन पत्र की घोषणाएं गिनवाई ।