नीमच| श्री औरोबिंदो हॉस्पिटल इंदौर ने महिलाओं में स्तन कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से बचाव एवं रोकथाम के लिए क्षेत्र को बड़ी सुविधा दी है। हॉस्पिटल ने जावद सिविल अस्पताल को अत्याधुनिक डिजिटल मैमोग्राफी मशीन भेंट की। इसकी स्थापना का कार्यक्रम क्षेत्रीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा के मुख्य आतिथ्य, कलेक्टर एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में 11 सितंबर को दोपहर 12 बजे किया जाएगा। श्री औरोबिंदो हॉस्पिटल के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. विनोद भंडारी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के स्वस्थ भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए बीमारी से पहले उसकी प्राथमिक स्तर पर जांच होना आवश्यक है। इसी क्रम में अब तक हमारे अस्पताल द्वारा लगभग 7,532 महिलाओं की स्तन कैंसर की निःशुल्क जांच की गई। इनमें से लगभग 180 महिलाओं में गठानें मिलीं और इनका उपचार किया गया। लगभग 80 ऐसी महिलाएं भी चिह्नित हुईं जिन्हें स्तन कैंसर की जानकारी ही नहीं थी। 36 महिलाओं में कैंसर की पुष्टि हुई। 24 महिलाओं को लगभग 1 cm के कैंसर से मुक्ति मिली है। इस मिशन को साकार रूप देने के लिए प्रधानमंत्री जी के 73वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में सिविल अस्पताल जावद में पहली डिजिटल मैमोग्राफी मशीन को स्थापित किया जा रहा है इससे कैंसर रोग की गठानों का पता लगाया जाता है। इससे 73,000 क्षेत्रीय महिलाओं की निःशुल्क मैमोग्राफी की जा सकेगी। उपचार के लिए इंदौर में श्री औरोबिंदो हॉस्पिटल में सम्पूर्ण जांच, उपचार सुविधाएं एवं अनुभवी चिकित्सक भी 24 घंटे उपलब्ध रहते हैं। डॉ. भंडारी ने बताया कि सभी महिलाओं को स्तन कैंसर से रोकथाम हेतु एक बार जांच जरूर करवाना चाहिए। इससे स्तन कैंसर को शुरुआती दौर में ही बढ़ने से रोका जा सके। सैम्स समूह से महासचिव एवं रोबोटिक सर्जन डॉ. महक भंडारी ने बताया कि हमारा समूह समाज के हर वर्ग को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने हेतु सदैव तत्पर हैं। रतलाम, मंदसौर, नीमच के मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करने के लिए अब श्री औरोबिंदो हॉस्पिटल की नवीन शाखा रतलाम में जल्दी ही जैन दिवाकर श्री औरोबिंदो हॉस्पिटल के नाम से प्रारम्भ होने जा रही है। यहां आयुष्मान भारत योजना एवं अन्य शासकीय योजनाओं के साथ सभी बीमा कंपनियों द्वारा कैश लेस उपचार प्रदान किया जाएगा। समय-समय पर सुपरस्पेशलिस्ट डॉक्टरों की भी उपलब्धता रहेगी।