नीमच। माध्यमिक शिक्षा मंडल बोर्ड के हायर सेकंडरी का परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद अब सरकार कक्षा 12वीं के टॉपर्स को सम्मानित करेंगी। इसके तहत जिले के 118 छात्र-छात्राओं को ई-स्कूटी देगी। यह कब तक दी जाएगी यह अभी तय नहीं हुआ है लेकिन स्कूटी देने के पहले सभी टॉपर्स विद्यार्थियों को उसे चलाने की ट्रेनिंग देने के साथ उसे यातायात के नियमों का पाठ सिखाया जाएगा। इसके अलावा टॉपर्स को लर्निंग लाइसेंस भी बनाकर दिया जाएगा ताकि वे सुरक्षित तरीके से स्वयं स्कूटी चला सके।

प्रदेश सरकार द्वारा शासकीय स्कूलों में पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए कई योजनाएं चला रही है। कक्षा 12वीं में 75 प्रतिशत या इससे ज्यादा अंक लाने वाले विद्यार्थियों को सीएम मेधावी छात्र प्रोत्साहन योजना के तहत लैपटॉप के लिए 25-25 हजार रुपए दे रही है। इस योजना के तहत इस साल जिले के 863 छात्र-छात्राओं को लैपटॉप के लिए राशि मिलना है। इस बीच प्रदेश सरकार ने स्कूल टॉपर्स विद्यार्थियों को ई-स्कूटी देने की घोषणा की है। जिले में इसके लिए 118 छात्र-छात्राएं पात्र है। इनकी लिस्ट जिला शिक्षा विभाग द्वारा माध्यमिक शिक्षा मंडल बोर्ड भोपाल को भेज दी है। स्कूटी कब तक मिलेगी, इसे लेकर तारीख तय नहीं हुई है। हालांकि इसके पहले पात्र छात्र-छात्राओं को स्कूटी चलाना सिखाने के साथ यातायात के नियमों का पाठ भी पढ़ाया जाएगा।

यदि ड्राइविंग लाइसेंस नहीं है तो सरकार लर्निंग लाइसेंस भी बनाकर दिए जाएंगे। इसके लिए तैयारी शुरू कर दी गई है। 3 से 5 दिन की होगी ट्रेनिंग शासन के निर्देशानुसार स्कूटी देने के पहले दी जाने वाली यह ट्रेनिंग 3 से 5 दिन की होगी। इस दौरान उन्हें यातायात के नियम भी बताए जाएंगे। स्कूटी चलाने की ट्रेनिंग भी अधिकृत प्रशिक्षण संस्थान द्वारा दिया जाएगा। ब्लॉक स्तर पर देंगे प्रशिक्षण ^पात्र विद्यार्थियों को ई-स्कूटी दी जाएगी। इसके पहले उन्हें उसे चलाने की ट्रेनिंग दी जाएगी। इसके लिए शासन स्तर से निर्देश प्राप्त हो चुके हैं। हमने आरटीओ से वाहन चलाना सिखाने वाली अधिकृत संस्थाओं की जानकारी मांगी है, ताकि अनुबंध किया जा सकें। फिलहाल ब्लॉक स्तर पर ट्रेनिंग देने का प्लान है। -मनोज जैन, सहायक संचालक, जिला शिक्षा कार्यालय, नीमच