क्रिकेट के महाकुंभ के बाद बिजलवास बामनीया में एक और महाकुंभ की तैयारी जानिए कब और क्या होगा बड़ा आयोजन, पढ़े मोहन नागदा की खबर
18 May 2023
Local News
नीमच। जिले के नजदीक एक छोटा सा गांव बिजलवास बामनीया/दसानी में इन दिनों आईपीएल के साथ-साथ रात्रि कालीन क्रिकेट का जलवा खिलाड़ियों पर सिर चढ़कर बोल रहा है। यहां पर पिछले कई दिनों से 32 पंचायतों के खिलाड़ियों का क्रिकेट महाकुंभ रात्रि कालीन दूधिया रोशनी में बहुत बड़ा आयोजन अपने अंतिम चरण में है। अभी तक यह आयोजन शत प्रतिशत सफल रहा है तथा महाकुंभ का फाइनल का ताज किसके सिर सजेगा यह आज तय हो जाएगा। इसी बीच बिजलवास बामनिया में शनि देव मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव एवं श्रीमद भागवत ज्ञान गंगा यज्ञ का आयोजन भी 24 मई से प्रारंभ होने वाला है। जिसको लेकर सभी तैयारियां अपने अंतिम चरण में है। 19 मई की गणपति स्थापना से लेकर 30 मई की महाप्रसादी तक विभिन्न कार्यक्रम इस दौरान होंगे। फतहनगर के प्रसिद्ध कथा वाचक पंडित माणकचंद मेनारिया के मुखारविंद से आसपास के धर्म प्रेमी इस कथा का श्रवण कर लाभ लेंगे। शनि देव की मूर्ति स्थापना हेतु पंडित नंदलाल शर्मा इंदिरा नगर नीमच वाले मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा करवाएंगे। इस भव्य आयोजन के लिए बिजलवास बामनीया के ग्राम वासियों ने क्षेत्र की समस्त धर्मप्रेमी जनता से इस आयोजन में सम्मिलित होने के लिए आग्रह किया है।