नीमच। टीवीएस शो रुम के पास स्थित दया टावर मल्टी के तलघर में सोमवार रात विद्युत शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। तलघर में विद्युत तार के आग पकड़ने से धुआं जल उठा, मल्टी में मौजूद परिवार ने इसकी सूचना तुरंत फायर बिग्रेड को दी,सूचना मिलते ही जहां पुरानी नगरपालिका व पुलिस कंट्रोल रुम पर खड़ी फायर ब्रिगेड पहुंची। वहीं विद्युत मंडल कर्मचारियों ने भी मौके पर विद्युत कनेक्शन बंद किया। फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने समय पर रहते आग पर काबू पा लिया वरना बड़ा हादसा हो सकता था। नीचे बेसमैंट में आग व धुंआ देख मल्टी में ऊपर रहने वाले परिवारों में भय पैदा हो गया। फायर ब्रिगेड की सीढ़ी लगाकर मल्टी में रहने वाले रहवासियों को नीचे उतारा गया । लेकिन जब यह देखा गया कि बेसमैंट में सांई बाबा की प्रतिमा के आसपास वाले क्षेत्र में आग लगी है और आग पर थोड़ी ही देर में काबू पा लिया गया है तो मल्टी में रहने वाले परिवारों ने राहत की सांस ली।
फिर उठे मल्टी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
जब-जब किसी मल्टी में कोई अग्निकांड होता है तो मल्टी की सुरक्षा पर सवाल उठते हैं। लेकिन थोड़े समय बाद बात ठंडी हो जाती है। प्रशासन को चाहिए कि वह जिस तरह खुले कुंओं व कुओं पर बने निर्माण को लेकर सक्रियता दिखा रहा है। उसी तरह शहर में बनी मल्टी की भी जांच करें कि उनमें आग लगने की स्थिति या अन्य किसी दुर्घटना की स्थिति में बचाव अथवा सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम है या नहीं। वरना कभी छोटी सी खामी किसी बड़ी दुर्घटना को अंजाम दे देगी।