निम्बाहेड़ा। नगर परिषद निम्बाहेड़ा की ओर से आयोजित राष्ट्रीय दशहरा मेला–2026 इन दिनों अपनी दिव्यता, भव्यता, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और जनभागीदारी के कारण विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। मेले के छठे दिन दशहरा मैदान स्थित मीरा रंगमंच पर बॉलीवुड की लोकप्रिय प्लेबैक सिंगर पलक मुछाल की संगीतमय प्रस्तुति ने ऐसा समां बांधा कि पूरा मेला परिसर उत्साह और उमंग से सराबोर हो उठा। आयोजकों के अनुसार, इस दिन मेले में पिछले पांच दिनों की अपेक्षा अधिक भीड़ उमड़ी और मेलार्थियों की संख्या ने पूर्व के दिनों के रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए। पूर्व यूडीएच मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी के संरक्षण तथा नगर परिषद सभापति श्रीमती शिल्पा भूतड़ा एवं उपसभापति निलेश मेहता के निर्देशन में आयोजित इस मेले को आकर्षक स्वरूप देने के लिए नगर परिषद के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और आयोजन से जुड़े लोगों द्वारा विभिन्न व्यवस्थाएं की गई हैं। मेले में उमड़ रही भीड़ और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के प्रति लोगों का उत्साह आयोजन की लोकप्रियता को दर्शा रहा है।

पलक मुछाल के सुरों ने बांधा समां, देर तक गूंजती रही तालियों की गड़गड़ाहट- मीरा रंगमंच आयोजन समिति संयोजक एवं पार्षद विक्रमादित्य खेरोदिया ने बताया कि शुक्रवार को शाम ढलने के साथ ही दशहरा मैदान में मेलार्थियों की आवाजाही बढ़ने लगी, रोशनी से जगमगाते मेला परिसर, परिवारों की चहल-पहल, बच्चों का उत्साह और युवाओं की उमंग ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया। मीरा रंगमंच पर जैसे ही लोकप्रिय गायिका पलक मुछाल की सुरीली आवाज गूंजी, दर्शक संगीत की धुनों के साथ झूम उठे। उनकी संगीतमय प्रस्तुति के दौरान दर्शकों की तालियों की गड़गड़ाहट और मोबाइल की जगमगाती फ्लैशलाइटों ने माहौल को यादगार बना दिया। मंच के सामने बड़ी संख्या में मौजूद दर्शकों ने कार्यक्रम का आनंद लिया। संगीत, रोशनी और उमंग से सजी इस शाम ने राष्ट्रीय दशहरा मेले के आकर्षण में एक और यादगार अध्याय जोड़ दिया। स्वागत समिति संयोजक एवं पार्षद रेणु कोठारी ने बताया कि शुक्रवार को मीरा रंगमंच पर सांसद एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, पूर्व यूडीएच मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी, पूर्व विधायक अशोक नवलखा, पूर्व जिला प्रमुख गब्बर सिंह अहीर , जेके सीमेंट वर्क्स यूनिट हेड मनीष तोषनीवाल, जेके सुरभि क्लब अध्यक्ष स्नेहा तोषनीवाल, जेके सीमेंट टेक्निकल हेड राजेश सोनी, जेके सीमेंट कॉमर्शियल हेड मनोज सोनी, एचआर हेड प्रभाकर मिश्रा आदि का नगर परिषद सभापति श्रीमती शिल्पा भूतड़ा एवं उपसभापति निलेश मेहता के नेतृत्व में उपरना ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया। वहीं, बॉलीवुड प्लेबैक सिंगर पलक मुछाल का नगर परिषद सभापति श्रीमती शिल्पा भूतड़ा, उपसभापति निलेश मेहता, नगर परिषद आयुक्त दुर्गेश सिंह रावल, राजस्व अधिकारी मुकेश कुमार मोहिल, मीरा रंगमंच आयोजन समिति सदस्य एवं पार्षद महिपाल सिंह राणावत, पुष्कर चीनी सोनी ने उपरना ओढ़ाकर, पगड़ी पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंद किया। मीरा रंगमंच आयोजन समिति सदस्य एवं पार्षद महिपाल सिंह राणावत एवं पुष्कर चीनी सोनी ने बताया कि मीरा रंगमंच पर आयोजित हो रहे सांस्कृतिक कार्यक्रम दर्शकों के मनोरंजन का प्रमुख केंद्र बने हुए हैं।

दीप प्रज्वलन के साथ हुआ रंगारंग कार्यक्रम का शुभारंभ- स्वागत समिति संयोजक रेणु कोठारी ने बताया कि मीरा रंगमंच पर शुक्रवार रात्रि को मीरा रंगमंच पर आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर डॉ. राजेंद्र गुप्ता, डॉ. कमला गुप्ता, डॉ. सुभाष रांका, डॉ. अमित गोयल, डॉ. प्रशांत पाटीदार, डॉ. मुकेश शर्मा, एवीवीएनएल अधीक्षण अभियंता राजकुमार अग्रवाल, अधिशासी अभियंता पीसी बैरवा, सहायक अभियंता विपिन सेन आदि का मीरा रंगमंच आयोजन समिति संयोजक एवं पार्षद विक्रमादित्य खेरोदिया, महिपाल सिंह राणावत, पुष्कर चीनी सोनी, गोपाल शर्मा , गणपत आंजना, कालू सेन, रेखा नवलखा, अनीता सोनी, नीतू सोमानी, कृष्णा जाट आदि के द्वारा उपरना ओढ़ाकर एवं मेवाड़ी पगड़ी पहनाकर स्वागत किया गया। 

दिव्यता, भव्यता और आकर्षक आयोजनों का संगम-विद्युत एवं पेयजल व्यवस्था संयोजक एवं पार्षद लालचंद दशोरा ने बताया कि राष्ट्रीय दशहरा मेला इस बार विभिन्न आकर्षणों और व्यवस्थाओं के कारण मेलार्थियों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। दशहरा मैदान में की गई आकर्षक विद्युत सज्जा, भगवा रंग में सजे तंबू, विभिन्न सीमेंट कारखानों की प्रदर्शनियां, मनोरंजक झूले तथा चाट-पकवान और खानपान के बाजार मेले की रौनक बढ़ा रहे हैं। श्री रामलीला अयोजन समिति संयोजक एवं पार्षद प्रकाश शर्मा ने बताया कि श्रीरामलीला मंच पर प्रभु श्रीराम की लीला का मंचन धार्मिक आस्था और भारतीय संस्कृति से लोगों को जोड़ रहा है।

नगर परिषद बोर्ड के सामूहिक प्रयासों से मेले को मिला आकर्षक स्वरूप-निम्बाहेड़ा को नगर परिषद का दर्जा दिलाने की प्रक्रिया में विधायक श्रीचंद कृपलानी के प्रयासों के बाद आयोजित यह मेला नए नगर परिषद बोर्ड की कार्यशैली और सामूहिक प्रयासों को भी सामने ला रहा है। सभापति श्रीमती शिल्पा भूतड़ा, उपसभापति निलेश मेहता सहित नगर परिषद के जनप्रतिनिधियों और कर्मचारियों की सहभागिता से मेले में विभिन्न आयोजन और व्यवस्थाएं संचालित की जा रही हैं। मेले को केवल मनोरंजन तक सीमित न रखते हुए धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक सहभागिता का व्यापक मंच बनाने पर जोर दिया गया है। विभिन्न आयु वर्ग के लोगों के लिए मनोरंजन के साधन, धार्मिक कार्यक्रम, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और व्यापारिक गतिविधियां एक ही परिसर में उपलब्ध होने से मेले में परिवारों की भागीदारी भी दिखाई दे रही है।

सुरक्षा और सुचारु आवागमन पर विशेष ध्यान-मेले में उमड़ रही भीड़ को देखते हुए कानून-व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन महत्वपूर्ण विषय बने हुए हैं। जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव के निरीक्षण, पुलिस उप अधीक्षक शिवप्रकाश टेलर की निगरानी तथा कोतवाली थाना प्रभारी प्रवीण टांक और सदर थाना प्रभारी संजय शर्मा की सक्रियता से सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं। विशाल जनसमूह के बीच अनुशासन, सुरक्षित आवागमन और शांति व्यवस्था बनाए रखना आयोजन की प्रमुख जिम्मेदारियों में शामिल है। पार्किंग सहित अन्य व्यवस्थाओं का उद्देश्य भी मेलार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भीड़ के प्रबंधन को सुचारु बनाना है।

धार्मिक आस्था, संस्कृति और जनभागीदारी का उत्सव-राष्ट्रीय दशहरा मेला–2026 निम्बाहेड़ा की सांस्कृतिक परंपराओं, धार्मिक आस्था, सामाजिक सहभागिता और सामूहिक उत्सवधर्मिता का प्रमुख मंच बनकर उभर रहा है। प्रतिदिन आयोजित हो रहे कार्यक्रमों में लोगों की भागीदारी, मेले में बाजारों की रौनक और मंचीय प्रस्तुतियों के प्रति उत्साह इसकी व्यापक लोकप्रियता को दर्शा रहे हैं।